बाड़मेर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र बीजराड़ में बुधवार रात एक मस्जिद में आग लगने की घटना सामने आई। स्थानीय लोगों को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, वे मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया।
इस घटना में कुछ धार्मिक पुस्तकें जलने की जानकारी मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाड़मेर एसपी नरेंद्र सिंह मीणा मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है, और एक समुदाय विशेष के लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द मामले की जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच, संदिग्ध हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है। एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही, एहतियात के तौर पर मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद धनाऊ प्रधान शामा बानो सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
पढ़ें: फर्जी सॉफ्टवेयर और मोबाइल एप से करोड़ों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने ऐसे की कार्रवाई
शामा बानो ने कहा बाड़मेर जिला हमेशा से कौमी एकता की मिसाल रहा है। यह घटना बेहद निंदनीय है, लेकिन राहत की बात यह है कि सभी समुदायों के लोग एकजुट होकर निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।" उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक से उनकी बातचीत हुई है और एसपी ने निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही इस पर कोई ठोस कार्रवाई की उम्मीद है।