राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नंगली दीप सिंह गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक बेकाबू ट्रेलर ने तंबू में सो रहे दो परिवारों को कुचल दिया। इस हादसे में 2 बच्चों समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
रिवर्स करते समय अनियंत्रित हुआ ट्रेलर
जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब ट्रेलर रिवर्स करते समय चालक का नियंत्रण खो बैठा और सीधे खेत के पास लगे तंबू में जा घुसा। उस समय दोनों परिवार तंबू में गहरी नींद में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग सूरजगढ़ तहसील से यहां प्याज की खुदाई के काम के लिए आए थे और खेत के पास अस्थायी तंबू लगाकर रह रहे थे। हादसे ने पूरे परिवारों को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में मुन्नाराम की 13 वर्षीय बेटी प्रियंका और सुरेश की 12 वर्षीय बेटी मोहिनी उर्फ मोडी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुरेश की पत्नी छोटकी (27) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पढ़ें: दरभंगा से साइबर ठग गिरफ्तार, पंजाब पुलिस ने ने दबिश देकर पकड़ा; गांव में बैठकर करता था ठगी
घायलों की हालत गंभीर, जयपुर रेफर
हादसे में सुनील (10), संजय (6) और संजीत (5) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। वहीं रवीना (20) का इलाज बीडीके अस्पताल में जारी है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने गुढ़ागौड़जी थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों की मांग है कि पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।