टीकमगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपुर सतखैरा गांव से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां अज्ञात कारणों के चलते पति-पत्नी ने कीटनाशक दवा पी ली। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सुंदरपुर सतखैरा निवासी दयाचंद लोधी (20 वर्ष) और उनकी पत्नी लक्ष्मी ने बुधवार शाम खेत पर काम करते समय जहरीला कीटनाशक पी लिया। घटना के बाद दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन तुरंत उन्हें निजी वाहन से टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें झांसी लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर फैल गई है। गुरुवार सुबह पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय भेज दिया, जहां उनका पोस्टमार्टम किया गया।
एक साल पहले ही हुई थी शादी
परिजनों के मुताबिक, दयाचंद और लक्ष्मी की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। दोनों बुधवार को रोज की तरह खेत पर काम करने गए थे, लेकिन अचानक उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक सामने नहीं आ सका है। घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब जांच के बाद ही मिल सकेंगे।
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: MP में बदला मौसम का रुख, अब गर्मी करेगी वापसी, बारिश थमी, 4-6 डिग्री तक उछलेगा पारा
आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं-चौकी प्रभारी
टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय स्थित पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और विवेचना जारी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।