उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने मई माह के दौरान सघन टिकट जांच अभियान चलाते हुए बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान कुल 23,064 मामलों में कार्रवाई कर रेलवे ने 1 करोड़ 16 लाख 92 हजार 140 रुपये का राजस्व अर्जित किया।
जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास खेड़ा ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में पूरे मंडल में ट्रेनों और स्टेशनों पर औचक जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 13,368 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए, जबकि 8 हजार यात्री अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते पाए गए। इसके अलावा 14 यात्री बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा करते पाए गए।
ये भी पढ़ें: Jaipur: गहलोत-पायलट की साझा तस्वीर ने बढ़ाई हलचल, राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर पिघलती दिखी रिश्तों पर जमी बर्फ
इसके साथ ही रेल परिसरों और ट्रेनों में गंदगी फैलाने के 1,621 मामलों में यात्रियों से कुल 1 लाख 78 हजार 300 रुपये जुर्माना वसूला गया। इन मामलों में कुल जुर्माना राशि 57 लाख 65 हजार 991 रुपये रही। रेलवे परिसर और ट्रेनों में धूम्रपान करना अपराध की श्रेणी में आता है। इस नियम के उल्लंघन में पकड़े गए 58 यात्रियों से रेलवे ने 11,500 रुपये जुर्माना वसूला। नियमों के तहत इस पर कम से कम 200 रुपये जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
खेड़ा ने बताया कि टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा मंडल की सभी प्रमुख ट्रेनों में औचक निरीक्षण लगातार जारी है। यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करने और बिना टिकट यात्रा को हतोत्साहित करने के उद्देश्य से यह अभियान और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।