राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी करौली के नेतृत्व में संविधान बचाओ रैली का आयोजन करौली विधानसभा क्षेत्र में किया गया। यह रैली करौली शहर के मंडरायल मार्ग स्थित भंवर विलास मैरिज गार्डन में आयोजित की गई, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
रैली में जिला समन्वयक केसी मीणा, पूर्व विधायक लाखन सिंह कटकड़, करौली विधानसभा प्रभारी हिम्मत सिंह चौधरी, पीसीसी सचिव भूपेंद्र भारद्वाज, जिलाध्यक्ष शिवराज मीणा और ब्लॉक अध्यक्ष रामगोपाल व रामदयाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
रैली को संबोधित करते हुए केसी मीणा ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार देता है और यह लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब जनता को एकजुट होकर संविधान की रक्षा के लिए आगे आना होगा।
पढ़ें: बाड़मेर में गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ा, सूरज की तेज तपिश से लोग हुए परेशान; पारा पहुंचा 45.9 डिग्री
पूर्व विधायक लाखन सिंह कटकड़ ने कहा कि संविधान के चलते ही आज दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के लोग सम्मानपूर्वक जीवन जी पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर संविधान पर खतरा आया तो सबसे अधिक नुकसान इन्हीं वर्गों को होगा। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सजग रहें और सत्ताधारी दल की नीतियों का विरोध करें।
पीसीसी सचिव भूपेंद्र भारद्वाज और अन्य वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान सरकार देश के संवैधानिक ढांचे को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आम जनता से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होने और इस लड़ाई को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की। रैली में संविधान के प्रति जागरूकता फैलाने, लोकतंत्र की मजबूती और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता का संदेश दिया गया।