सदर थाना पुलिस ने चौरण्डापुरा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए चर्चित हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन हन्ता के तहत राजपुर के जंगलों से सभी आरोपियों को दबोचा गया। सभी आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को चौरण्डापुरा गांव में सिवायचक भूमि को लेकर पुराने विवाद और रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ था। आरोप है कि हमलावरों ने अशोक गुर्जर पर धारदार हथियारों, सरियों और लाठियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला किया गया, जिसमें सात लोग घायल हुए। अशोक गुर्जर की जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पढ़ें: देश की दुर्लभ सफेद ऊंट नस्ल पर संकट, वैज्ञानिकों ने तैयार किया विशेष प्रजनन समूह; जानें
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार पुलिस दबिश के कारण आरोपी आसपास के बीहड़ों और जंगलों में छिपे हुए थे। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राजपुर के जंगलों में घेराबंदी कर छह आरोपियों सोहन सिंह उर्फ सोनी, रामअवतार, देशराज, धीरज, निहाल सिंह और विक्रम को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चौरण्डापुरा के पास स्थित करीब 39 हेक्टेयर सिवायचक भूमि पर कब्जे, बंटवारे, रास्ते के उपयोग और पशु चराने को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस संबंध में पहले भी दोनों पक्षों के बीच कई बार झगड़े हुए और पुलिस में मामले दर्ज हुए थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से घटना में प्रयुक्त लाठी, सरिया और अन्य हथियारों की बरामदगी के लिए पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।