करौली गंगापुर मार्ग स्थित रामपुर धाबाई गांव में खातेदारी की भूमि पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए भूमि मालिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां जिला कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपा है। पीड़ित परिवार ने कुछ दिन पूर्व ही सदर थाने में शिकायत सौंपी है। शिकायत सौंप कर मामला दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
रामपुर धाबाई गांव निवासी भूमि मालिक ने बताया कि करौली गंगापुर मार्ग स्थित रामपुर धाबाई में उनकी खातेदारी की जमीन है भूमि से सटा हुआ कुछ भाग सिवायचक भूमि का है, जिस पर पिछले कई वर्षों से निवास करते हैं। पीड़ित का आरोप है कि यह भूमि हाईवे के करीब होने के कारण भूमाफिया की भूमि पर नजर है। परिवार ने आरोप लगाया कि इसी के चलते बीते दिन कुछ लोगों ने भूमि पर समतलीकरण और दीवार तोड़ने का कार्य शुरू किया। परिवार द्वारा मना करने पर जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने और डराने धमकाने का भी आरोप लगाया।
ये भी पढ़ें-
22 को बीकानेर आएंगे पीएम मोदी, स्वागत की तैयारियां जोरों पर, सैनिकों से मुलाकात की संभावना
पीड़ित परिवार के लोगों ने आरोप लगाते हुए बताया कि बीते दिन रामपुर धाबाई सरपंच, तहसीलदार, करौली सदर थाना अधिकारी, हल्का पटवारी सहित कुछ लोग भूमि पर पहुंचे। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा भूमि पर जेसीबी चलाकर समतलीकरण का कार्य शुरू किया और दीवारों को तोड़ने का भी कार्य किया। आरोप लगाया कि उनके मना करने पर उन्हें झूठे मुकदमों में फसाने की भी धमकी दी है। घटना को लेकर पीड़ित परिवार शनिवार को करौली सदर थाने में अपनी शिकायत सौंपी थी। सोमवार को पीड़ित परिवार और बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां जिला कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंप कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।