कोटा-चित्तौड़ हाईवे पर बूंदी जिले के डाबी थाना इलाके में एक तेज रफ्तार कार असंतुलित होकर पलट गई। इस हादसे में कार में सवार 37 वर्षीय नम्रता शर्मा की मौत हो गई। वहीं उनका बेटा और परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कोटा न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग चित्तौड़ से दिल्ली जा रहे थे। डाबी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गोपालपुरा घाटी के पास पलटी कार
डाबी थाने के एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि यह परिवार चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा मांगरोल गांव का रहने वाला है। परिवार के लोग कार से चित्तौड़गढ़ से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। हादसा गोपालपुरा घाटी के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कार के सामने अचानक एक गाय आ गई थी। गाय को बचाने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा और कार पलटकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। राहगीरों ने बताया कि कार की रफ्तार तेज थी और अचानक गाय सामने आने से चालक संभल नहीं पाया। हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
परिवार ने नहीं कराई कोई कानूनी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक परिजनों ने किसी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है। परिवार की लिखित सहमति के बाद नम्रता शर्मा के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ये भी पढ़ें: शादी के नाम पर लाखों की ठगी, 16 साल से फरार आरोपी राजकोट से गिरफ्तार
बेटा चला रहा था कार
परिवार के सदस्य महेश शर्मा ने बताया कि उनका बेटा नितिन शर्मा गुड़गांव में एक निजी कंपनी में काम करता है। परिवार के सभी लोग, जिनमें बेटा, बहू और पोते-पोती शामिल थे, गुड़गांव जा रहे थे। कार नितिन चला रहा था। गोपालपुरा घाटी के पास अचानक गाय सामने आ गई, जिससे कार बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में महेश शर्मा, उनका बेटा नितिन, बहू और बच्चे घायल हो गए। वहीं नम्रता शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।