राजस्थान के कोटा जिले में देर रात को पुरानी रंजिश और आपसी कासुनी के बाद बदमाशों ने लाठियों और धारदार हथियारों से हमला कर युवक की हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मृतक की पहचान धीरज सुमन उर्फ बिजली बादशाह के रूप में हुई है जो की छावनी इलाके का निवासी था। पुलिस ने देर रात को मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया। जहां सोमवार को परिजनों की उपस्थिति के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया। यह वारदात शहर के गुमानपुरा थाना इलाके के कोटडी भोई मोहल्ले में सामने आई।
थाना अधिकारी महेश कुमार ने बताया देर रात को इलाके में युवक पर हमला करने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर पूरी स्थिति को देखा। तब तक युवक को अस्पताल में उपचार के लिए भेजा जा चुका था। जहां पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक के गले पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं। ऐसे में संभावना जताई गई है कि उसके ऊपर लाठियों के अलावा धारदार हथियारों से भी हमला किया गया है। मृतक के परिजनों की तरफ से दी गई रिपोर्ट में 6 लोगों के नाम बताए गए हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करके हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
पढ़ें; सरहदी क्षेत्र में अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, करोड़ों का नशीला पदार्थ बरामद
वहीं सामने आया है कि मृतक धीरज सुमन उर्फ बिजली बादशाह हत्या के एक प्रकरण में जेल में बंद था जो की हाल ही में छूट कर बाहर आया था। मृतक के भाई लोकेश ने बताया कि धीरज फाइनेंस करवाने का काम करता था। 20 फरवरी को इलाके में एक विवाह समारोह की निकासी निकल रही थी। तब रास्ता देने की बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें धीरज की कुछ लड़कों से कहासुनी भी हुई थी। दोनों पक्षों को साथ में बैठकर समझा भी दिया था। लेकिन बदमाशों ने देर रात को ऊपर चाकू सहित अन्य हथियारों से हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी।