केंद्र सरकार के 11 साल पूरा होने पर आज कोटा में भाजपा की ओर से मोदी सरकार के कार्यकाल में कार्याे को गिनाया गया। राज्यसभा सांसद, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व राजस्थान प्रभारी डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल ने आज कोटा में मीडिया को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत में अत्यधिक गरीबी रेखा के नीचे जीने वाले लोगों की संख्या में भारी कमी भाजपा शासन में आई है। भाजपा के 11 साल के शासनकाल में यह संख्या 17.1 करोड़ कम हो गई है. जहां साल 2011-2012 में यह 16.22 फीसदी थी। अब केवल 2.3 फीसदी रह गई है।
वहीं ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी पर भी प्रदेश प्रभारी ने इसे लेप्रोस्कोपिक नाम देते हुए कहा कि हमारी सेना ने देश की सीमा पार किए बिना ही पाकिस्तान में 11 जगहों पर हमले कर 9 एयरबेस तबाह कर दिए और पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचाया। पाकिस्तान के हमले को हमारे एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकामयाब कर दिया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने यह सिद्ध किया है कि उनके प्रधानमंत्री रहते हुए सिर्फ देश ही सुरक्षित नहीं है, बल्कि देश का हर नागरिक समृद्ध, सुरक्षित, संतुष्ट और सुखी है। पूरी दुनिया ने आपरेशन सिंदूर में भारत की कूटनीतिक दक्षता, नीतियों और पराक्रम को देखा। नरेन्द्र मोदी ने पूरी दुनिया को अहिंसात्मक युद्ध की एक नई तकनीकी सिखाई है, जिसमें सर्जिकल कुशलता के साथ सिर्फ लैप्रोस्कोपिक युद्ध लड़कर पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया गया है।
पढ़ें: जोधपुर को मिली एलिवेटेड रोड की सौगात, दो महीने में शुरू होगा निर्माण कार्य; गजेंद्र सिंह शेखावत
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा ऑपरेशन सिंदूर पर उठाए गए सवाल पर भी प्रदेश प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व राहुल गांधी के हाथ में ही रहे। ईश्वर उन्हें लंबी उम्र दे। क्योंकि उन्होंने कांग्रेस को तीन चैथाई खत्म कर दिया है। अब एक चैथाई बची है। जिसको भी राहुल गांधी खत्म कर देंगे। राहुल गांधी को आजकल उनकी ही पार्टी के नेता और कार्यकर्ता गंभीरता से नहीं ले रहे है। इनके के लिए मुर्ख शब्द बहुत हल्का है। ये व्यक्ति राहुल गांधी पूरी कांग्रेस को समाप्त करने में जुटा है। भगवान इसकी इच्छा शक्ति बढ़ाए।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत और पाकिस्तान के युद्ध को रोकने के ट्वीट पर डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल ने तंज कंसा और कहा कि ट्रंप बिना कारण ही श्रेय ले रहे हैं। जबकि ऐसा कुछ नहीं है। जिस तरह से रुकी हुई ट्रेन को बच्चे धक्का देते हैं और जब ट्रेन अपने आप चलती है, तो बच्चे समझते हैं कि ट्रेन को उन्होंने धकेल दिया है। ट्रंप भी ऐसा ही बचकाना व्यवहार कर रहे हैं। धीरे-धीरे उनकी बातों पर राहुल गांधी और कांग्रेस को छोड़कर पूरी दुनिया ने सुनना बंद कर दिया है।