Rajasthan News: शहर के सेठीवाड़ा इलाके में स्थित ‘रिद्धि-सिद्धि गोल्ड टेस्टिंग’ की दुकान में इस साल की अब तक की सबसे बड़ी और सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है। महज सात दिन पहले काम पर रखे गए एक शातिर कारीगर ने दुकान मालिक का पूरा भरोसा जीत लिया और मौका मिलते ही 60 लाख रुपये से अधिक कीमत का 400 ग्राम कच्चा सोना तथा गल्ले में रखे 45 हजार रुपये नकद लेकर रफूचक्कर हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है।
बीमार ज्वेलर की पत्नी दवा देने गई, आरोपी ने उठाया मौका
पीड़ित ज्वेलर के भाई सुरेश मराठा ने बताया कि उनके भाई की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। इस वजह से दुकान का जिम्मा ज्वेलर की पत्नी संभाल रही थीं। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे वह कुछ देर के लिए बीमार पति को दवा देने और उनकी देखभाल के लिए घर गईं। दुकान पर छोटे बच्चों के साथ महज सात दिन पहले काम पर रखे गए कारीगर संजय हणमंत बाबर (32) को छोड़ गईं। आरोपी ने मौका देखकर बच्चों को बातों में उलझाया और तिजोरी में रखा शुद्ध सोना व नकदी समेटकर फरार हो गया।
सात दिन में रेकी कर बनाई चोरी की पूरी योजना
आरोपी संजय महाराष्ट्र के सांगली जिले के माहुली का रहने वाला है। वह एक परिचित के माध्यम से काम पर आया था। इन सात दिनों में उसने दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, सोना रखने की जगह और दुकान में कम निगरानी वाले समय की बारीकी से रेकी कर ली थी। ज्वेलर की बीमारी का फायदा उठाते हुए उसने वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें:
सब कुछ सांवलिया सेठ का! भक्त ने 10 बीघा खेत और चार मंजिला मकान ट्रस्ट के नाम किया; ये है वजह
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। पीड़ित के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी का मोबाइल नंबर ट्रेस करना और रूट चार्ट के आधार पर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। कोतवाली थाना प्रभारी नंदलाल चौधरी ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।