राजस्थान के सवाई माधोपुर में एक बार फिर तेंदुए का मूवमेंट सामने आने से लोगों में डर का माहौल है। शहर के पुराने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए की मौजूदगी कैद हुई है, जिससे प्रशासन और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। यह चौंकाने वाली घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के पुराने शहर के डुंगर पाड़ा स्थित रामलीला मैदान इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक खूंखार तेंदुआ बेखौफ घूमता हुआ नजर आया।
कुत्तों पर हमला करने की कोशिश
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेंदुआ घर के बाहर बैठे कुत्तों पर अचानक हमला करने की कोशिश करता है। हालांकि कुत्तों के भौंकने और विरोध के कारण तेंदुआ घबरा जाता है और वहां से भाग निकलता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। शहर के रिहायशी इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर वन विभाग को कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
लोगों में डर का माहौल
तेंदुए के लगातार मूवमेंट से इलाके में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि रात के समय घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए और किसी प्रकार की जनहानि होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी वन विभाग की होगी।
पढ़ें- बिहार में दरिंदगी की इंतहा: पुल के नीचे मिला अज्ञात युवती का शव, दुष्कर्म के बाद तेजाब से जलाने की आशंका
प्रशासन के लिए बड़ी चेतावनी
यह घटना प्रशासन के लिए एक गंभीर चेतावनी मानी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि तेंदुए को जल्द नहीं पकड़ा गया, तो कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। गौरतलब है कि इससे पहले वन विभाग द्वारा इसी इलाके से दो तेंदुए पकड़े जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अभी भी क्षेत्र में खासकर रात के समय तेंदुए का मूवमेंट जारी है।