सवाई माधोपुर जिले के बौंली थाना क्षेत्र के कोडयाई गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। लुटेरों ने जेवरात लूटने की नीयत से 60 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, कोडयाई गांव निवासी कमला देवी बकरी चराने के लिए गांव के पास जंगल में गई थीं। गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में अज्ञात लुटेरों ने पहले महिला के दोनों पैर काटकर अलग कर दिए और फिर गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद लुटेरे महिला के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर मौके से फरार हो गए।
महिला ने पहन रखे थे लाखों के गहने
बताया जा रहा है कि मृतका ने पैरों में करीब ढाई किलो वजनी चांदी के कड़े पहन रखे थे। इसके अलावा गले में चांदी की चेन, कानों में सोने के कुंडल, नाक में सोने की नथ और गले में सोने का जंतर पहना हुआ था। लुटेरों ने हत्या के बाद सभी जेवरात लूट लिए। अनुमान के मुताबिक लूटी गई चांदी के कड़ों की बाजार कीमत करीब साढ़े छह लाख रुपये और करीब पांच तोले सोने की कीमत लगभग साढ़े सात लाख रुपये बताई जा रही है। इस तरह लुटेरे कुल 13 से 14 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए।
मां को खोजने के लिए निकला बेटा तो हुआ मामले का खुलासा
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब शाम तक कमला देवी घर नहीं लौटीं। परिजनों ने तलाश शुरू की और महिला का बेटा जंगल पहुंचा, जहां उसे मां का शव पड़ा मिला। मौके पर महिला के कटे हुए पैर भी अलग पड़े हुए थे। सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
ये भी पढ़ें:
टोंक के डिग्गी में मिलावटी दूध के बड़े गिरोह का खुलासा, कई जिलों में करते थे सप्लाई
मामले की जांच में जुटी पुलिस
ग्रामीणों की सूचना पर बौंली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीलकमल मीणा सहित बौंली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर जाम भी लगा दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम द्वारा जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर बौंली अस्पताल भिजवाया गया। फिलहाल पुलिस अन्य कानूनी कार्रवाई करते हुए अज्ञात हत्यारों एवं लुटेरों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।