सीकर शहर के सुभाष चौक स्थित नला का बास क्षेत्र में बीते दिन नेशनल प्लेयर नमन शर्मा पर हुए जानलेवा हमले के चारो आरोपियों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। इस हमले में नमन गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया था।
कोतवाल सुनील जांगिड़ ने बताया कि हमला पड़ोसियों द्वारा किया गया था। आरोपियों में बल्लभ, नवीन पारीक, मनोरमा और प्रीति शामिल हैं। इन चारो ने नमन शर्मा और उनके परिवार पर तलवार से हमला कर दिया, जिसमें नमन गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में नमन के पिता कमल शर्मा और दादा जगदीश शर्मा भी चोटिल हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे में गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान भूवन भूषण यादव के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि हमले के पीछे के कारणों का खुलासा किया जा सके। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए नमन शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया था, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हमले के पीछे की वजह का खुलासा बाकी
फिलहाल पुलिस इस मामले में हमले के पीछे की असल वजह की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों और परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी सामने आएगी। वहीं, पुलिस आफीक्राफ्ट में आए हुए आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।