सीकर जिले के श्रीमाधोपुर कस्बे में मंगलवार को एक अपहरण की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। शहर के प्रसिद्ध सब्जी व्यापारी के पुत्र अक्षय सैनी के अपहरण की सूचना से पूरे इलाके में खलबली मच गई। घटना जीण माता मंदिर चौराहे के पास की बताई जा रही है, जहां दिनदहाड़े कुछ बदमाशों ने गाड़ी में सवार होकर अक्षय सैनी का अपहरण किया।
मिली जानकारी के अनुसार, बदमाश पहले तो आरोपी गाड़ी से जीण माता मंदिर चौराहे के पास पहुंचे और फिर सैनी की गाड़ी के शीशे तोड़कर उसे जबरन अपनी गाड़ी में डाल लिया। इसके बाद बदमाशों ने फरार होते हुए शहर के विभिन्न इलाकों की ओर गाड़ी दौड़ा दी। अपहरण की सूचना मिलते ही पूरे शहर में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत ही नाकाबंदी और जांच अभियान शुरू कर दिया। थानाधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें: खाटूश्यामजी से लौट रही हरियाणा रोडवेज बस के चालक से मारपीट, जानें पूरा मामला
पुलिस ने इलाके में अपहरणकर्ताओं की खोजबीन शुरू कर दी। साथ ही शहर के प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी भी की गई। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अपहृत युवक अक्षय सैनी एक मंडी व्यापारी दलाल का बेटा है। इस घटना से व्यापारी वर्ग में भी चिंता का माहौल बन गया है, क्योंकि ऐसा पहली बार हुआ है, जब इस तरह की घटना एक व्यस्त चौराहे पर घटी हो।
यह भी पढ़ें: तीन नकाबपोश बदमाश बाइक पर सवार होकर पहुंचे बाजार, 28 सेकेंड में किया दुकान का काम तमाम, देखें वीडियो
श्रीमाधोपुर पुलिस ने अपहरणकर्ताओं का सुराग पाने के लिए पूरी ताकत झोक दी है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में जांच की और कई संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। इसके साथ ही पुलिस ने आसपास के गांवों और कस्बों में भी नाकाबंदी कर दी है। श्रीमाधोपुर कस्बे में हुई अपहरण की सनसनीखेज घटना के बाद यूडीएच मंत्री और श्रीमाधोपुर विधायक झाबर सिंह खर्रा ने भी पुलिस को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, युवक के अपहरण के बाद बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग भी जीण माता चौराहे पर पहुंचे और अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग की।