टोंक जिला कलेक्टर टीना डाबी ने गुरुवार को जिला स्तरीय मासिक जनसुनवाई में रिकॉर्ड कायम करते हुए करीब सात घंटे तक लगातार फरियादियों की समस्याएं सुनीं। सुबह 10 बजे शुरू हुई जनसुनवाई शाम करीब 5 बजे तक चली, जिसमें 383 परिवाद दर्ज किए गए। इस दौरान देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर भी मौजूद रहे।
जिला कलेक्टर टीना डाबी की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कलेक्टर ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को राहत और संतुष्टि मिलनी चाहिए तथा उन्हें बार-बार जनसुनवाई में आने की जरूरत नहीं पड़े ऐसे काम किए जाएं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों का समाधान नियमानुसार संभव नहीं है, उनमें परिवादी को लिखित जवाब दिया जाए। साथ ही जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को प्रकरणों का स्वयं रजिस्टर में संधारण करने के निर्देश भी दिए, ताकि मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके।
जनसुनवाई में पहुंचीं अतिक्रमण और जलभराव की शिकायतें
ब्लॉक उनियारा के ग्राम रघुनाथपुरा के ग्रामीणों ने श्मशान भूमि के रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने एसडीओ देवली, उनियारा बीडीओ और नगरफोर्ट तहसीलदार को समन्वय बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: Jaipur: AI और डीपफेक से बढ़ा साइबर ठगी का खतरा, बायोमेट्रिक सुरक्षा को लेकर राजस्थान पुलिस ने एडवाइजरी जारी की
वहीं निवाई ब्लॉक के ग्राम जामडोली में आम रास्ते पर बार-बार अतिक्रमण की शिकायत पर कलेक्टर ने एसडीओ निवाई को अतिक्रमियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम वनस्थली के ग्रामीणों ने बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बताते हुए राहत की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले मानसून में वहां बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। इस पर कलेक्टर ने एसडीओ निवाई को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
पेयजल, पट्टा, नामांतरण और पीएम आवास से जुड़े मामले भी पहुंचे
जनसुनवाई में पेयजल समस्या, पट्टा बनवाने, नामांतरण खुलवाने, सीमा ज्ञान कराने, पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने, खाद्य सुरक्षा योजना, फसल मुआवजा, बिजली लाइन शिफ्टिंग, दिव्यांग पेंशन और दिव्यांग प्रमाण पत्र से जुड़े कई मामले सामने आए। भीषण गर्मी को देखते हुए नगर परिषद की ओर से फरियादियों के लिए कूलर, पंखे और शीतल पेयजल की व्यवस्था भी की गई थी।
जनसुनवाई में एडीएम रामरतन सौकरिया, एडीएम मालपुरा विनोद कुमार मीणा, एडीएम बीसलपुर भूपेन्द्र यादव, एसीईओ ललित कुमार, एसडीओ टोंक हुक्मीचंद रोहलानिया और पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे, जबकि ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।