कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एथलेटिक सेंटर जोगिंद्रनगर के चार सौ खिलाड़ियों ने एक दिन में 6 हजार घर सैनिटाइज करके मिसाल पेश की है। खिलाड़ियों की विभिन्न टीमों ने मंडी जिले के सरकाघाट, धर्मपुर, संधोल, मंडप, कोटली, चौंतड़ा और जोगिंद्रनगर में सैनिटाइजेशन अभियान चला रखा है। इसमें राष्ट्रीय स्तर पर धाक जमाने वाली धाविका तमन्ना, अंजना, शालू और धावक प्रवीण, राहुल, रोहित विशेष रूप से शामिल रहे। मंगलवार सुबह दस बजे से देर शाम पांच बजे तक जारी सैनिटाइजेशन अभियान की मॉनिटरिंग ऑनलाइन की गई। खेल प्रशिक्षक गोपाल ठाकुर के नेतृत्व में सैनिटाइजेशन कार्यक्रम में विभिन्न गांवों को सैनिटाइज किया जा रहा है। प्रत्येक खिलाड़ी को 15 से अधिक संक्रमित परिवार के घरों को सैनिटाइज करने का जिम्मा सौंपा गया था। एसडीएम अमित मेहरा ने एथलेटिक सेंटर के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।