{"_id":"6a8155a60dbec7ed4100677f","slug":"video-amatha-ma-13-karaugdha-sa-bnaga-aathhanaka-inahana-thana-palsakaramaya-ka-le-haga-aavasa-2026-08-16","type":"video","status":"publish","title_hn":"अमेठी में 13 करोड़ से बनेगा आधुनिक इन्हौना थाना, पुलिसकर्मियों के लिए होंगे आवास","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अमेठी में 13 करोड़ से बनेगा आधुनिक इन्हौना थाना, पुलिसकर्मियों के लिए होंगे आवास
अमेठी में लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े इन्हौना क्षेत्र में पुलिस को जल्द आधुनिक और सुविधायुक्त थाना भवन मिलेगा। मोहनगंज मार्ग पर 13 करोड़ रुपये की लागत से इन्हौना थाने का नया भवन बनाया जाएगा। इसे एक साल में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय भवन भी बनाए जाएंगे। निर्माण की जिम्मेदारी आवास विकास को दी गई है। नया थाना भवन क्षेत्र की सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। यहां पुलिस के प्रशासनिक कामकाज, शिकायतों के निस्तारण, विवेचना और अन्य विभागीय गतिविधियों के लिए व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पुलिसकर्मियों के आवास बनने से उन्हें कार्यस्थल के नजदीक रहने की सुविधा मिलेगी, जिससे आपात परिस्थितियों में उनकी उपलब्धता भी बेहतर हो सकेगी।
इन्हौना थाना लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग के महत्वपूर्ण हिस्से के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्र की कानून-व्यवस्था संभालता है। ऐसे में आधुनिक भवन मिलने से पुलिस के कामकाज को बेहतर आधारभूत ढांचा मिलेगा। हाईवे पर होने वाली घटनाओं के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए भी यह सुविधा महत्वपूर्ण होगी।
वर्तमान में इन्हौना थाना कस्बे में पुराने भवन से संचालित हो रहा है। नया भवन तैयार होने के बाद पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्यस्थल मिलने के साथ थाने आने वाले फरियादियों के लिए भी अधिक सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा।
राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि नए थाना भवन से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। एसपी सरवणन टी. ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
इन्हौना थाना क्षेत्र में 27 गांव आते हैं। इनमें इन्हौना, कोटवा, नौखेड़ा, चिलौली, सरैया सलारपुर, अंगूरी, अशरफपुर, सढ़िया, सराय माधौ, शेखनगांव, ओतिया, जियापुर, आजादपुर, महमूद सराय, जिजौली, पिपरी अहमदाबाद, दुबेपुर, डांगी बरवलिया, सुल्तानपुर बहेंगी, रामगंज और धीरापुर समेत अन्य गांव शामिल हैं।
शनिवार शाम पांच बजे मोहनगंज मार्ग पर प्रस्तावित थाना परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन हुआ। राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में एसपी सरवणन टी., सीओ दिनेश मिश्र, इन्हौना थाना प्रभारी विवेक सिंह, शिवरतनगंज थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्र, जायस थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह समेत पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।