फरहान अख्तर (जन्म 9 जनवरी 1974) एक भारतीय फिल्म निर्देशक, पटकथा लेखक, निर्माता, अभिनेता, पार्श्व गायक, गीतकार हैं। फरहान अख्तर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के एक ऐसे हरफनमौला फिल्मकार हैं जिन्होंने फिल्म की लगभग हर विधा पर हाथ आजमाया और सफल भी हुए। फरहान ने अभिनय किया, निर्देशन किया, गीत लिखे, गाने गाए और फिल्मों को प्रोड्यूस किया है। हर काम में वह सफल पाए गए। पटकथा लेखक और गीतकार, जावेद अख्तर के बेटे फरहान अख्तर ने इंडस्ट्री को एक इंटलैक्चुअल किस्म का सिनेमा दिया है। फरहान द्वारा निर्देशित ज्यादातर फिल्में ऐसी हैं जो हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की क्वालिटी को उपर ले जाती हैं। खासकर आइडियोलॉजी के स्तर पर। फरहान अपने समकालीन फिल्मकारों में सबसे बेहतर फिल्मी समझ रखने वाले फिल्मकार हैं। 'दिल चाहता है', 'रॉक ऑन' और 'जिंदगी मिलेगी न दोबारा' ऐसी तीन फिल्में हैं जो अपने समय से आगे की फिल्में मानी जाती हैं।