5 माह की गर्भवती: बाबा धाम की यात्रा अधूरी छोड़ गया बजरंगी, पत्नी की आंखों के सामने टूट गया परिवार का सहारा
बजरंगी की शादी करीब 15 महीने पहले हुई थी। उसकी पत्नी पांच महीने की गर्भवती है। जिस घर में आने वाले बच्चे को लेकर खुशियां मनाने की तैयारी हो रही थी, वहां अब मातम पसरा है। पति की मौत की खबर और फिर शव सामने आने के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तीन अगस्त को मोहल्ले के लोगों के साथ बाबा धाम की यात्रा पर निकला बजरंगी निषाद अब कभी लौटकर घर नहीं आएगा, यह उसके परिवार ने सपने में भी नहीं सोचा था। यात्रा के दौरान साथियों से पीछे छूटने के बाद वह अचानक लापता हो गया। कई घंटे तक तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला।
तीन दिन बाद छह अगस्त को उसका शव कटोरिया थाना क्षेत्र के पास एक सुनसान स्थान पर स्थित पोखर से मिला तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सात अगस्त को शव घर पहुंचा तो पत्नी और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
बताया गया कि बजरंगी तीन अगस्त को मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ बाबा धाम गया था। यात्रा के दौरान वह अपने साथियों से पीछे रह गया। काफी देर तक उसके साथियों के पास नहीं पहुंचने पर उसकी तलाश शुरू की गई। आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद भी उसकी तलाश जारी रही। छह अगस्त को कटोरिया थाना क्षेत्र के पास सुनसान स्थान पर स्थित पोखर में युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की। मृतक के पास पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला था। मोबाइल फोन और लोकेशन से जुड़ी जानकारी के आधार पर उसकी पहचान बजरंगी के रूप में हुई।
बजरंगी की शादी करीब 15 महीने पहले हुई थी। उसकी पत्नी पांच महीने की गर्भवती है। जिस घर में आने वाले बच्चे को लेकर खुशियां मनाने की तैयारी हो रही थी, वहां अब मातम पसरा है। पति की मौत की खबर और फिर शव सामने आने के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार के मुताबिक, बजरंगी तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके एक बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। पिता का भी निधन हो चुका है। ऐसे में परिवार के लिए उसकी मौत का सदमा और भी गहरा है।
पोस्टमार्टम और अन्य कार्रवाई के बाद सात अगस्त को बजरंगी का शव घर पहुंचा। शव देखते ही पत्नी और परिवार के लोग बदहवास हो गए। आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में घर पहुंच गए। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से मोहल्ले के लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोगों ने चार फाटक रोड पर शहीद शिव सिंह क्षेत्री के पास स्थित ओवरब्रिज पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। लोगों के सड़क पर बैठने से यातायात प्रभावित हो गया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
बजरंगी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, वह पोखर तक कैसे पहुंचा और उसके साथ क्या हुआ, पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। यात्रा के दौरान उसके साथ रहे लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस मोबाइल लोकेशन समेत अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल कर आगे की कार्रवाई कर रही है।