चिड़ियाघर में नए साल का आगाज बेहद ही खुशनुमा माहौल में हुआ। जैसे-जैसे मौसम का सर्द मिजाज सूरज की किरणों से गरम होता गया, स्कूलों के बच्चों ने जमकर धमाल मचाया। गीत-नृत्य के मनोहारी प्रस्तुति के बीच म्यूजिकल परफारमेंस का तड़का देकर बच्चों ने एक अलग फिजा बना दी।
अमर उजाला नववर्ष धमाल: गीत-संगीत-नृत्य पर झूमे युवा और सबको झुमाया, धूमधाम से मना न्यू ईयर
अवसर था अमर उजाला के न्यू ईयर धमाल कार्यक्रम का, जिसमें उत्साह, उमंग और जोश का तड़का था। सुबह करीब दस बजे शुरू हुआ बच्चों का धमाल दोपहर एक बजे तक चला। शहीद अशफाक उल्लाह खां चिड़ियाघर के मुख्य द्वार पर स्कूली बच्चों के पहुंचने का सिलसिला शुरू होने के साथ चहल-पहल बढ़ गई थी। धूप की तपिश बढ़ने के साथ ही मंच पर पहुंचे बच्चों का भी उत्साह भी चरम पर पहुंचता जा रहा था।
चिड़ियाघर में मुख्य द्वार पर बतकही और मुस्कान जाहिर कर रही थी कि सभी को चिड़ियाघर की सैर करनी है, साथ ही मंच भी उनका गीत-संगीत के लिए इंतजार कर रहा है। भीतर दाखिल होते ही ओपन ऑडिटोरियम में लोकगायक मनोज मिहिर, अनुराग सुमन और दीप्ति अनुराग की देखरेख में बच्चों ने गीत, संगीत और नृत्य से अपना परफारमेंस दिखाया।
केंद्रीय विद्यालय के बच्चों की ओर से प्रस्तुत सरस्वती वंदना से कार्यक्रम शुरुआत हुई। इसके बाद एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुति से बच्चों ने धमाल मचा दिया। कार्यक्रम के बीच-बीच में मनोज मीहिर, अनुराग सुमन और दीप्ति अनुराग के रंगारंग गीतों पर बच्चों ने जमकर धमाल मचाया। दीप्ति अनुराग के कुशल संचालन में कार्यक्रम अपनी ऊंचाइयों को छूता रहा। कार्यक्रम में धमाल मचाने के बाद बच्चों ने चिड़ियाघर में जानवरों को देख उत्साहित हुए। चिड़ियाघर में शेर, भालू, हिरण, मोर, तोता, सांप, अजगर आदि देख काफी प्रफुल्लित दिखे।
सात समंदर पार मैं तेरे...डांस पर झूमने लगे दर्शक
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद माधव पब्लिक स्कूल के 12वीं के छात्र अभिनव पांडेय ने अपने सुरीले आवाज में ''लब पर आए'' गीत सुनाया तो दर्शक दीर्घा की ओर से तालियां बजाकर लोगों ने उत्साह बढ़ाया। एडी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने अपने राजस्थानी डांस से सबका मन मोह लिया। जब ये छात्राएं नृत्य कर रही थीं तो चिड़ियाघर में जा रहे लोगों के पांव ठिठक गए और वे इस मनोहारी प्रस्तुति को अपने मोबाइल के कैमरे में कैद करने लगे।