सब्सक्राइब करें

UP News: मामूली बात से नाराज शख्स ने पत्नी और बेटे को कार से रौंदा डाला, बोला- कोई पछतावा नहीं

अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर। Published by: vivek shukla Updated Fri, 22 Jul 2022 02:25 PM IST
विज्ञापन
Arrested for killing son after being trampled by car
गोरखपुर समाचार। - फोटो : अमर उजाला।

गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में बेटे महावीर गुप्ता (26) को बुधवार देर रात कार से रौंदकर मौत के घाट उतारने के आरोपी चौथी गुप्ता को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। महावीर थाईलैंड में रहता था। चार महीने पहले ही गांव आया था। आरोप है कि चौथी ने पत्नी मंजू को भी कार से रौंदा था। पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। अभी तक होश नहीं आया। इस मामले में बेटी कंचन गुप्ता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।



 

Trending Videos
Arrested for killing son after being trampled by car
मृतक महावीर। - फोटो : अमर उजाला।

पुलिस के मुताबिक, बांसगांव के चाड़ी गांव निवासी चौथी गुप्ता दो बेटों के साथ थाईलैंड रहता था। चार महीने पहले ही बेटों के साथ घर लौटे थे। चौथी की शादीशुदा छोटी बेटी ज्योति भी गांव आई है। ज्योति के बच्चे की तबीयत खराब थी। लिहाजा, पत्नी मंजू व बेटा महावीर उसे दिखाने डॉक्टर के पास गए। डॉक्टर ने दवा दी और दोबारा उसे देखने के लिए गुरुवार को बुलाया। इस वजह से मंजू अपने बेटे के साथ पिपराइच के बेलवा गांव में रहने वाली बड़ी बेटी कंचन के घर चली गईं। कंचन के घर से डॉक्टर की क्लीनिक नजदीक है।

पुलिस के मुताबिक, चौथी का घर बांसगांव क्षेत्र में है। वह कार से घर लौटा तो पता चला कि पत्नी व बेटा घर पर नहीं हैं। इससे गुस्साए चौथी बुधवार देर रात ही कार से बेटी के घर पिपराइच के बेलवा गांव पहुंच गया। बेटी के घर पर ही हंगामा खड़ा कर दिया और मारपीट करने लगा। इस पर बेटी कंचन ने एतराज जताया और डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस बुला ली।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Arrested for killing son after being trampled by car
घायल महिला मंजू। - फोटो : अमर उजाला।

पुलिस आई तो पारिवारिक विवाद निकल कर सामने आया। पुलिस ने पति-पत्नी को थाने बुलाया। इसके बाद मंजू, बेटे महावीर के साथ थाने जाने के लिए घर से बाहर निकलीं। थाने जाने की तैयारी में ही थीं कि चौथी ने पीछे चारपहिया वाहन से पत्नी व बेटे को रौंद दिया। इससे बेटे महावीर की मौके पर ही मौत हो गई। मंजू गंभीर रूप से घायल होकर तड़पने लगीं।

दिल दहलाने वाली वारदात की सूचना पर एसपी नार्थ मनोज अवस्थी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। मंजू को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। महावीर को भी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी भाग निकला, लेकिन गुरुवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने बेटी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके उसे जेल भिजवा दिया है।

 

Arrested for killing son after being trampled by car
आरोपी चौथी गुप्ता। - फोटो : अमर उजाला।

चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था महावीर
मंजू के चार बच्चे थे। बड़ा बेटा रणधीर और छोटा बेटा महावीर बैंकाक में ही रहते थे। बेटी कंचन और ज्योति की शादी हो चुकी है। महावीर के शादी की बात भी चल रही थी। आरोप है कि शादी से पहले ही कलयुगी पिता ने महावीर को मौत के घाट उतार दिया।।

चोरी के मामले में पंचायत करने आया था चौथी
पुलिस के मुताबिक, तीन साल से चौथी का उसकी पत्नी से रिश्ता ठीक नहीं चल रहा था। वह बांसगांव के अपने मकान में अलग कमरे में रहता था। कुछ समय पहले चौथी बाबाधाम गया था। वापस आया तो अपने कमरे से सामान चोरी का आरोप लगाने लगा। रुपये व गहना चोरी का शक पत्नी पर ही करने लगा। बुधवार देर रात घर आया तो पता चला कि पत्नी, बड़ी बेटी कंचन के घर गई है। कंचन के घर पर ही छोटी बेटी ज्योति और बेटा महावीर भी है। लिहाजा, चोरी गए सामान की पंचायत करने पहुंच गया। इसी बात पर पति-पत्नी के बीच पर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि पत्नी व बेटे को कार से रौंद दिया।

 

विज्ञापन
Arrested for killing son after being trampled by car
चौथी गुप्ता ने पति और बेटे पर चढ़ाई कार, बेटे की मौत। - फोटो : amar ujala

महाकाल जा रहा बड़ा बेटा लौटा
बेटा रणधीर, महाकाल के दर्शन करने के लिए उज्जैन जा रहा था। रास्ते में उसे दर्दनाक घटना की जानकारी मिली। इसके बाद वह आधे रास्ते से ही लौट आया। बांसगांव स्थित घर पर रणधीर की पत्नी और बच्चे हैं। सभी इस घटना से सदमे में हैं। पिता की हरकत से बड़ा बेटा हैरान है। बृहस्पतिवार देर शाम राप्ती नदी के तट राजघाट पर महावीर का अंतिम संस्कार किया गया। बड़े भाई ने ही उन्हें मुखाग्नि दी।  

नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी, पछतावा नहीं
बेटे के हत्यारोपी चौथी को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस के मुताबिक, वह नेपाल भागने के फिराक में था। पकड़े गए चौथी के चेहरे पर कोई पछतावा नहीं है। पुलिस हिरासत में कहा कि जो किया, वह ठीक है।

बेटी की तहरीर पर आरोपी चौथी के खिलाफ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया गया है। मामले की जांच जारी है। -डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed