संतकबीर नगर जिले के पूर्व भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर उमड़ पड़ी है। वह लीवर की बीमारी के चलते गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए थे और वहीं उन्होंने बुधवार रात को अंतिम सांस ली।
यूपी: पूर्व भाजपा सांसद शरद त्रिपाठी का शव पहुंचा गांव, तस्वीरों में देखें कैसे उमड़ा जन सैलाब
2014 में संतकबीर नगर से सांसद बने थे शरद
शरद त्रिपाठी 2014 में संतकबीरनगर से सांसद बने थे। वह खजनी विधानसभा क्षेत्र के झुड़ियां गांव के मूल निवासी थे। परिवार में माता-पिता के अलावा पत्नी तथा दो बेटे व दो बेटियां हैं।
समिति के सदस्य भी रहे
बतौर सांसद शरद विदेश मामलों के स्थाई समिति के सदस्य के साथ ग्रामीण विकास मंत्रालय, पंचायती राज, पेयजल और स्वच्छता सलाहकार समिति के सदस्य भी रहे। 2019 में हुए जूता कांड से चर्चा में आने के कारण 2019 के लोकसभा चुनाव में उनका टिकट कट गया था।
दो अच्छे दोस्त आपस में उलझे
शरद त्रिपाठी और मेंहदावल के भाजपा विधायक राकेश सिंह बघेल के आपस में बेहद अच्छे संबंध थे। मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र में मोटरसाइकिल चलाते विधायक राकेश और इनके पीछे बैठे पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी की तस्वीर शायद ही लोग कभी भूल नहीं पाएंगे। इनकी मित्रता कुछ लोगों को खलती थी। ऐसे लोग इन दोनों में दूरी बनाने के लिए मौके की तलाश में थे।
गोरखपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार को पहुंचा पार्थिक शरीर
दिल्ली से गोरखपुर एयरपोर्ट दोपहर पर पूर्व सांसद का शव दो बजे पहुंच गया। वहां से उनका शव खजनी उनके पैतृक गांव झुड़िया लाया गया। पार्थिक शरीर आते ही क्षेत्र की जनता उमड़ पड़ी। पिता व देवरिया सांसद पंडित रमापति राम त्रिपाठी के अनुसार, शुक्रवार को पार्थिक शरीर अयोध्या के लिए निकलेगी, जहां दाह संस्कार किया जाएगा।