शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर बुधवार को देवी के महागौरी स्वरूप का भक्तों ने पूजन-अर्चन किया। सुबह से ही नगर के मंदिरों में भीड़ उमड़ी रही और महानगर का माहौल भक्तिमय बना रहा। शाम को शहर में सजे दुर्गा पंडाल में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने दर्शन का लाभ उठाया। देर रात तक देवी पंडाल श्रद्धालओं से गुलजार नजर आए।
नवरात्रि 2021: पंडालों में मां भवानी के दर्शन कर निहाल हुए भक्त, तस्वीरों में देखें सुंदरता
सुबह घर में अष्टमी पूजन, शाम को पंडाल में उमड़ी भक्तों की भीड़
महानवमी पूजन
महर्षि पाराशर ज्योतिष संस्थान ट्रस्ट के ज्योतिषाचार्य पं. राकेश पांडेय ने बताया कि शारदीय नवरात्र में महानवमी का व्रत-पूजन बृहस्पतिवार को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सूर्योदय से लेकर कभी भी पूर्णाहुति किया जा सकता है। नवमी तिथि रात्रि 9.52 तक है। कुमारी कन्याओं का पूजन पूर्णाहुति के पश्चात ही करना चाहिए। शास्त्रों में 10 वर्ष तक की ही कन्या को कुमारी कहा गया है अत: 2 वर्ष से लेकर 10 वर्ष तक की ही कन्या होनी चाहिए। साथ में 1 बालक बटुक के रूप में हो। उनका भी पूजन अवश्य करना चाहिए।
अघोर पीठ में हुई महानिशा पूजा
अघोर पीठ ट्रांसपोर्ट नगर में महानिशा पूजा का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने हवन कर मां भगवती व अघोर परंपरा के संतों अघोराचार्य बाबा किनाराम, अवधूत भगवान राम व अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम रामजी महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। हवन का शुभारंभ पीठ के संस्थापक अवधूत छबीले राम ने किया।
‘भाई’ ने किया फलाहार और महाआरती का आयोजन
भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया ‘भाई’ द्वारा दुर्गा अष्टमी के दिन विजय चौक स्थित एक होटल में फलाहार और महाआरती का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर कनकेश्वरी नंदगिरी को संगठन की ओर से डॉ. रूप कुमार बनर्जी एवं ध्रुव श्रीवास्तव ने मां की चुनरी एवं दुर्गा प्रतिमा देकर सम्मानित किया।
भाई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव ने एक पचरा ‘निमिया के डार मैया...’ प्रस्तुत किया। सारिका श्रीवास्तव, अंजना लाल, सुमन वर्मा, सारिका राय, हृदया त्रिपाठी, अविका श्रीवास्तव, उर्वशी श्रीवास्तव ने देवी गीत प्रस्तुत किया। मौके पर संरक्षक डॉ. आशीष, डॉ. सुरेश, सुभाष दूबे, काशी नरेश चौबे, सत्यव्रत लाल श्रीवास्तव, कनक हरि अग्रवाल, सरदार जसपाल सिंह, अरशद जमाल, अमरनाथ जायसवाल, डॉ. सौरभ पांडेय, डॉ. मनोज गौतम, विजय श्रीवास्तव, रंजीत राय आदि मौजूद रहे।