कासगंज जिले में सोमवार को पितृ पूर्णिमा के अवसर पर गंगा घाटों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। पितरों की आत्मा शांति और मोक्ष की कामना के लिए श्रद्धालुओं ने तर्पण किया। गंगा स्नान के बाद तर्पण कर ब्राह्मणों को भोज कराया और दान-दक्षिणा दी। दिनभर हर-हर गंगे के जयकारे गंगा घाटों पर सुनाई देते रहे।
पितृ पक्ष 2021: कासगंज में गंगा घाटों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, पितृ पूर्णिमा पर किया पितरों का श्राद्ध
-
- 1
-
Link Copied
पंडित प्रशांत कोठेवार ने कहा कि पितृ पक्ष में हमारे पूर्वजों की आत्मा हमारे निवास स्थल पर आती है। श्रद्धा से उनका, अन्न या तर्पण से स्वागत करना, उन्हें परम तृष्टि देना उनके प्रति श्रद्धा है। पूरे पितृपक्ष में पितरों को याद करें और संभव हो तो प्रतिदिन घर और गंगा घाटों पर पहुंचकर जल दान करें।
मंगलवार से प्रतिपदा तिथि में होगा श्राद्ध
मंगलवार को श्राद्ध पक्ष की प्रतिपदा तिथि है। श्रद्धालु इस तिथि को भी गंगा घाटों पर पहुंचेंगे। उसके अलावा सोरों हरिपदी पर प्रतिदिन श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला भी जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर व्यवस्थाएं की हैं। पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
हरिपदी, लहरा, कछला, कादरगंज घाट पर लगे मेले में सजी प्रसाद, गंगाजली आदि की दुकानों पर काफी भीड़ थी। दूरदराज से आए श्रद्धालु फल-फूल पूजा की सामग्री खरीदते नजर आए।
सड़क पर बने रहे जाम के हालात
पितृपक्ष की पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं के वाहनों के अलावा निजी वाहनों का दबाव सड़क मार्ग पर रहा। जिससे सोरों और कछला में जाम के हालात बने रहे। वाहन रेंगते रहे। पुलिस को यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।