बरई हरख में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। गंगापार में लगातार हो रही सामूहिक हत्याकांड की वारदातों के साथ ही उनकी इस बात की भी नाराजगी थी कि घटना की सूचना देने के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में किसी तरह पुलिस ने उन्हें शांत कराया।
होलागढ़ हत्याकांडः आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस-विधायक के खिलाफ की नारेबाजी, हंगामा
मौके पर जुटे ग्रामीणों का कहना था कि सामूहिक हत्याकांड की खबर तत्काल पुलिस को दे दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस लगभग एक घंटे के बाद मौके पर पहुंची, जिसको लेकर आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा काटा। आक्रोशित लोगों ने स्थानीय विधायक एवं पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। जिस पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें खदेड़ते हुए तितर-बितर कर दिया।
साथ ही हंगामा करने के आरोप में कई लोगों को हिरासत में भी लिया। देर रात तक इनसे पूछताछ चलती रही। कुछ लोगों ने सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी की। उधर, वारदात की सूचना पर डीएम के साथ ही एडीजी आईजी के अलावा भाजपा विधायक विक्रमाजीत मौर्य, पूर्व सांसद धर्मराज पटेल व अन्य जनप्रतिनिधि भी पहुंचे।
एसटीएफ पहुुंची, की जांच-पड़ताल
हत्याकांड की सूचना पर क्राइम ब्रांच व एसओजी टीमों के साथ ही एसटीएफ भी पहुंची। एसटीएफ अफसरों ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। वैसे एसटीएफ ने सोरांव के यूसुफपुर में पांच लोगों की हत्या की वारदात के बाद भी मौके पर पहुंचकर घंटों छानबीन की थी। लेकिन स्थानीय पुलिस के साथ ही वह भी हत्यारों तक पहुंचने में नाकाम रही।