हस्तिनापुर से भाजपा विधायक दिनेश खटीक का विवादों से पुराना नाता रहा है। कभी दागी सिपाहियों की पैरवी करने भाजपा विधायक एसएसपी के पास पहुंचे तो मामला लखनऊ तक गूंजा। कभी इंस्पेक्टर और दरोगा को बलिया भिजवाने की धमकी भरी ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई।
मेरठ: भाजपा विधायक दिनेश खटीक का विवादों से रहा है पुराना नाता, चर्चा में रहे ये बड़े मामले
दागी सिपाहियों की पैरवी प्रकरण
2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद एसएसपी मेरठ ने 62 दागी सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया था। जिसमें भाजपा विधायक दिनेश खटीक चार सिपाहियों की पैरवी करने एसएसपी के पास उनके ऑफिस पहुंचे थे। उन सिपाहियों की पर्ची भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। यह पहला ऐसा मामला था जिसमें भाजपा विधायक ने अपनी सरकार का हवाला देते हुए पुलिसकर्मियों की पैरवी की थी।
एसडीओ को धमकाया
विधायक दिनेश खटीक ने मवाना में बिजली विभाग के एसडीओ को धमकाया। जिसमें विधायक ने आरोप लगाया था कि बिजली चेकिंग के नाम पर अवैध धन उगाही की जा रही है। एसडीओ ने मवाना थाने में तहरीर दी थी। लेकिन पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं कर सकी। पुलिस की मदद न मिलने पर भाजपा विधायक की धमकी की ऑडियो क्लिप वायरल हो गई थी।
इंस्पेक्टर को बलिया भिजवाने की धमकी
16 अगस्त 2018 को भाजपा विधायक दिनेश खटीक ने मवाना थाने में पहुंचकर मवाना इंस्पेक्टर मुनेंद्र पाल सिंह को धमकाया। जहां भाजपा विधायक ने इंस्पेक्टर को बलिया भिजवाने की धमकी दी।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में लिया था। भाजपा विधायक आरोपी को छुड़ाने थाने पहुंचे थे। ऑडियो वायरल में यह भी सामने आया था कि यदि वह इंस्पेक्टर का बलिया ट्रांसफर नहीं करा पाए तो राजनीति छोड़ देंगे।
600 बीघा जमीन कब्जाने का आरोप
हापुड़ में पंचायती गौशाला के नाम से एक जमीन मेरठ के मवाना तहसील के मिर्जापुर गांव में है। यह जमीन 600 बीघा है। पंचायती गौशाला संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया था कि भाजपा विधायक दिनेश खटीक जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कराने का प्रयास कर रहे हैं।
