Ganga Expressway Inauguration: प्रधानमंत्री आज हरदोई से करेंगे उद्घाटन, बिजाैली में पांच हजार लोग देखेंगे लाइव
Ganga Expressway Inauguration Route Map : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। मेरठ के बिजौली में भव्य कार्यक्रम होगा जहां 5000 लोग बड़ी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण देखेंगे। यह एक्सप्रेसवे यूपी के विकास की नई पहचान बनेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के विकास की नई जीवनरेखा कहे जाने वाले 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार दोपहर उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री हरदोई में आयोजित मुख्य समारोह से एक्सप्रेसवे को जनता को समर्पित करेंगे जिसका सीधा प्रसारण यूपी के उन सभी 12 जिलों में किया जाएगा जहां से यह एक्सप्रेसवे गुजर रहा है। मेरठ के बिजौली में गंगा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर एक विशाल पंडाल सजाया गया है जहां करीब 5 हजार लोग इस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बनेंगे।
जिला प्रशासन ने बिजौली में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिन-रात एक कर दिया है। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी स्क्रीन लगाई गई है ताकि जनता प्रधानमंत्री के संबोधन और उद्घाटन समारोह को सजीव देख सके।
मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने स्वयं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। सुबह करीब नाै बजे कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। क्षेत्र के लोग एक्सप्रेसवे के शुरू होने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी
बिजौली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके साथ जनपद के सभी सांसद, विधायक और अन्य महत्वपूर्ण जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रशासन के साथ-साथ भाजपा संगठन भी पूरी ताकत से जुटा है।
मेरठ के सभी मंडलों से कार्यकर्ता बसों और कारों के जरिए बिजौली पहुंचेंगे जबकि खरखौदा मंडल के कार्यकर्ता निजी वाहनों से कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। स्थानीय निवासियों में गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर जबरदस्त जोश है। लोगों का मानना है कि यह एक्सप्रेसवे मेरठ और पश्चिमी यूपी के लिए विकास के नए द्वार खोलेगा। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। किसानों और व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें: Ganga Expressway: फूड चेन से ढाबे, होटल और मोटेल तक, रेस्ट एरिया, ट्रॉमा सेंटर; एक्सप्रेस-वे पर ये खूबियां भी
अर्थव्यवस्था और रोजगार का बनेगा हब
मेरठ से प्रयागराज तक फैला यह एक्सप्रेसवे केवल सड़क नहीं बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए ग्रोथ इंजन साबित होगा। एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे औद्योगिक क्लस्टर से किसानों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
विदेशों से कच्चा माल आने और तैयार माल के निर्यात में यह एक्सप्रेसवे मील का पत्थर साबित होगा। उद्योगों की स्थापना से यूपी के युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे जिसका सीधा सकारात्मक असर राज्य की जीडीपी पर पड़ेगा।
आज से फर्राटा भरेंगे वाहन, मध्यरात्रि से शुरू हो सकती है टोल वसूली
594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे पर बुधवार से ही वाहनों का संचालन शुरू हो जाएगा, जिससे मेरठ और प्रयागराज के बीच की दूरी सिमट जाएगी। अब तक 12 घंटे का समय लेने वाला यह सफर अब महज छह से सात घंटे में पूरा किया जा सकेगा। एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली की प्रक्रिया भी बुधवार मध्यरात्रि से प्रभावी होने की संभावना है।
एक्सप्रेसवे पर मेरठ से प्रयागराज के बीच कुल 14 टोल प्लाजा बनाए गए हैं। इनमें मेरठ के बिजौली (खड़खड़ी) और प्रयागराज में दो मुख्य टोल प्लाजा होंगे जबकि 12 अन्य टोल प्लाजा विभिन्न प्रवेश और निकास बिंदुओं पर स्थित हैं।
आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट टोल कंपनी ने मंगलवार रात आधिकारिक दरों को सार्वजनिक कर दिया जिसके आधार पर कार, जीव व हल्के वाहनों के लिए टोल दरें 2.55 रुपये प्रति किमी, कामर्शियल वाहनों की 4.05 रुपये और ट्रकों पर 8.20 रुपये प्रति किमी होगी।

कमेंट
कमेंट X