बुलंदशहर बवाल में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की हत्या के मामले में आरोपी फौजी जीतू के बाद एसटीएफ के टारगेट पर अब जीतू के साथी हैं। एसटीएफ के मुताबिक, पूछताछ में जीतू ने गांव के कई ऐसे लोगों के नाम बताए, जो बवाल में शामिल थे। उनकी तलाश में एसटीएफ ने कई जगहों पर दबिश दी। लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी हुई है।
बुलंदशहर बवाल: आरोपी फौजी ने पूछताछ में खोले कई साथियों के नाम, तलाश में ताबड़तोड़ दबिश जारी
सीओ एसटीएफ बृजेश सिंह के मुताबिक, एसटीएफ मेरठ ने शनिवार देर रात पांच घंटे फौजी से पूछताछ की। इसमें फौजी ने कहा है कि गोकशी होने के विरोध में उसके गांव महाव स्याना बुलंदशहर के कुछ युवक बवाल में शामिल गए थे। इनके साथ वह घटनास्थल पर गया था। फौजी के साथ कौन-कौन युवक थे, उनके नाम भी बताए गए। इसके बाद एसटीएफ ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
एसटीएफ का दावा है कि आरोपी अपने घर से भागे हुए हैं। उनकी लोकेशन अलग-अलग जिलों में मिली है। बुलंदशहर पुलिस के साथ एसटीएफ आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
योगेश राज भूमिगत या बचाने का प्रयास
पुलिस बुलंदशहर बवाल का मुख्य आरोपी बजरंग दल के जिला संयोजक योगेश राज को मान रही है। योगेश राज भूमिगत हो गया या फिर उसको बचाने का प्रयास चल रहा है, इससे पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में खड़ी हुई है।
पुलिस ने बताया कि योगेश की तलाश में दबिश जारी है। लोगों में चर्चा है कि योगेश एक सत्ताधारी नेता के संपर्क में है, जोकि उसको पुलिस से बचाने में मदद कर रहा है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
