मेरठ के रोड स्थित जैनपुर गांव के जंगल में रविवार को दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों युवकों के शव की पहचान नहीं हुई है। आशंका है कि एक युवक (40) की धारदार हथियार से हत्या की गई तो दूसरे युवक (35) को गला घोटकर मारा गया। दोनों के शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिए हैं। अभी तक शवों की शनाख्त नहीं हो सकी है। दोनों युवकों के हाथ पर लालटू लिखा हुआ था। पुलिस की जांच जारी है।
आखिर क्या है दो युवकों की हत्या का राज: पुलिस का दावा एक-दूसरे के परिचित हो सकते हैं युवक, दोनों के हाथ पर मिला एक ही निशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टैक्सी चालक होने की आशंका
दोनों युवकों के हाथ पर लालटू लिखा, पहनावा भी एक जैसा, 100 मीटर की दूरी के अंतराल में दोनों के शव मिला। यह कोई इत्तेफाक नहीं हो सकता है। आशंका है कि मरने वाले दोनों युवक ट्रक या टैक्सी चालक हो सकते हैं। आसपास के लोगों से पहचान के प्रयास किए गए, मगर सफलता नहीं मिली। माना जा रहा है कि पहचान छिपाने के लिए शवों को यहां फेंका गया है।
जहां शव मिले हैं, वहां लोग रोजाना नहीं जाते। पुलिस ने बताया है कि शवों की पहचान के लिए दूसरे जिलों में भी फोटो भेजे जाएंगे। इतना ही नहीं पुलिस ने दोनों मरने वाले युवकों के फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल किए ताकि कोई उनकी पहचान कर लें।
सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
दोनों शवकंकरखेड़ा क्षेत्र में मिले हैं, लेकिन घटना की सूचना पर पहले रोहटा पुलिस पहुंची थी, क्योंकि उनके थाने से यह दूरी सिर्फ 2 किमी है। वहीं कंकरखेड़ा से 8 किलोमीटर दूर है। दोनों थाने की पुलिस शुरुआत में सीमा विवाद में उलझी रही। एसएसपी ने एसपी देहात से कहा कि इसका मुकदमा रोहटा थाने में दर्ज कराए, भले ही घटनास्थल कंकरखेड़ा थाना लगता हो। शुरू में ही रोहटा पुलिस पहुंची थी और वही अब घटना का खुलासा करेगी।
दो युवकों के शव मिलने के बाद मेरठ जोन से जुड़े जिलाें की पुलिस 24 घंटे में लापता लोगों की जानकारी जुटा रही है। एसओजी और सर्विलांस टीम ने रात में सड़क के किनारे ढाबे संचालकों से भी जानकारी ले रही है। रोहटा रोड स्थित जैनपुर गांव के जंगल में दो लोगों की लाश मिलने की जानकारी वायरलेस सेट पर पूरे जोन के जिले मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर, हापुड, सहारनपुर, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर जिलों में दी गई है।
पूछा जा रहा है कि आपके यहां से यदि कोई युवक लापता या अगवा हुआ है, उसकी तुरंत जानकारी मेरठ जोन कार्यालय में दें। साथ ही मरने वाले दोनों युवकों के फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल किए जा रहे हैं। पुलिस की वेबसाइट पर दोनों लोगों की जानकारी और उनके शरीर पर मिले निशान के बारे में जोन की पुलिस को दी जा रही है। दोनों युवकों की पहचान के लिए पुलिस तमाम प्रयास कर रही है।
सर्विलांस की टीम ने बीटीएस उठाया
घटनास्थल पर संदिग्ध मोबाइल नंबरों की पड़ताल करने के लिए सर्विलांस टीम ने बीटीएस भी उठाया है। पुलिस पता लगाने में जुटी हुई कि आखिर यहां घटनास्थल पर कौन दोनों लोगों की लाश फेंक कर गया है। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि लोकल स्तर में आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है कि ताकि कोई क्लू पुलिस को मिल जाए।
रोहटा थाने में मुकदमा लिखा
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि रोहटा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों शवों की पहचान कराने का प्रयास लगातार जारी है। पुलिस की रोहटा और कंकरखेड़ा थाने के साथ एसओजी और सर्विलांस की टीम लगा दी गई है।