कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की धूम देखने का इंतजार कर रहे युवाओं को शुक्रवार देर रात निराशा हाथ लगी। कसाना डीजे का ट्रक मेरठ पहुंचा, लेकिन पुलिस ने उसे कहीं भी रुकने की अनुमति नहीं दी। पुलिस अधीक्षक सिटी विनायक गोपाल भोसले खुद कसाना डीजे के ट्रक पर मौजूद रहे और डीजे मालिक उमेश कसाना को बिना रुके आगे बढ़ने के निर्देश दिए।
Kanwad Yatra: मेरठ में न रुक सका कसाना डीजे, ट्रक पर डटे रहे एसपी सिटी; मुकाबले की चाह में हाईवे पर उमड़ी भीड
कांवड़ यात्रा के दौरान कसाना डीजे और न्यू अमर डीजे के बहुप्रतीक्षित मुकाबले को देखने के लिए मोदीपुरम में हजारों युवा जुट गए, लेकिन पुलिस ने कसाना डीजे को कहीं भी रुकने नहीं दिया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले खुद डीजे ट्रक पर मौजूद रहे और उसे लगातार आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। दोनों डीजे के बीच चलते-चलते कुछ देर मुकाबला जरूर देखने को मिला, लेकिन युवाओं को जिस जोरदार मुकाबले का इंतजार था, वह पूरा नहीं हो सका।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हजारों युवाओं को था डीजे मुकाबले का इंतजार
कसाना डीजे के मेरठ पहुंचने से पहले ही युवाओं और डीजे प्रेमियों में खासा उत्साह था। लोगों को उम्मीद थी कि मोदीपुरम में न्यू अमर डीजे के विशेष सेटअप के सामने कसाना डीजे का जोरदार मुकाबला देखने को मिलेगा।
इसी उम्मीद में बड़ी संख्या में युवा हाईवे और आसपास के इलाकों में पहुंच गए। हालांकि कांवड़ यात्रा के चलते सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कसाना डीजे को रुकने की अनुमति नहीं दी।
एसपी सिटी खुद डीजे ट्रक पर रहे मौजूद
देर रात कसाना डीजे का ट्रक मोदीपुरम की ओर पहुंचा तो मौके पर भीड़ बढ़ने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने ट्रक को रुकने नहीं दिया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले खुद ट्रक पर चढ़े और डीजे मालिक उमेश कसाना से बातचीत की। उन्होंने डीजे को लगातार आगे बढ़ाते रहने के निर्देश दिए। पुलिस की सख्ती के कारण कसाना डीजे निर्धारित मार्ग पर चलता रहा।
काफी मान-मनौव्वल के बाद न्यू अमर डीजे और कसाना डीजे के बीच कुछ देर चलते-चलते मुकाबला देखने को मिला। दोनों के आवाज और सेटअप को लेकर आमना-सामना देखने के लिए युवाओं में खासा उत्साह रहा। कई लोगों ने इस पल को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया।
यह भी पढ़ें: Kanwad Yatra: हर दिशा में शिव, हर जुबां पर महादेव..., भगवा रंग में रंगा मेरठ, चरम पर पहुंची कांवड़ यात्रा
भीड़ जुटी तो हाईवे पर लगा लंबा जाम
कसाना डीजे के पहुंचने की खबर फैलते ही हाईवे पर बड़ी संख्या में युवा और डीजे प्रेमी जुट गए। लोग सड़क किनारे खड़े होकर डीजे देखने लगे। इससे हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और कुछ ही देर में जाम की स्थिति बन गई।
पुलिसकर्मी लगातार भीड़ को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराने में जुटे रहे। पुलिस की कोशिश रही कि डीजे को कहीं रुकने न दिया जाए, ताकि कांवड़ यात्रा का मार्ग बाधित न हो और यातायात व्यवस्था भी बनी रहे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए भी सतर्क रहा प्रशासन
कसाना डीजे को रुकने की अनुमति न दिए जाने के पीछे कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के साथ मुख्यमंत्री के प्रस्तावित मेरठ दौरे को भी एक वजह माना जा रहा है। प्रशासन किसी भी स्थिति में भीड़ बढ़ने और यातायात प्रभावित होने से रोकने के लिए पहले से सतर्क रहा।