सोनीपत के जठेड़ी गांव में मेरठ निवासी 26 वर्षीय विशाल की हत्या के मामले में जांच तेज हो गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग के शक को हत्या की वजह बताया जा रहा है, वहीं मृतक के परिजनों ने दावा किया है कि हत्या के पीछे 40 हजार रुपये का लेन-देन था और पूरे मामले को प्रेम प्रसंग का रूप देने की कोशिश की जा रही है। विशाल का लहूलुहान शव जठेड़ी-राठधाना मार्ग पर खेत में मिला था। आरोप है कि उसे लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर मौत के घाट उतारा गया।
UP: लाठी-डंडों से पीटकर उतारा था मौत के घाट, परिजनों का प्रेम-प्रसंग से इनकार, अब इस दावे पर टिकी जांच
सोनीपत के जठेड़ी में मेरठ निवासी विशाल की हत्या मामले में पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित की हैं। जांच में प्रेम प्रसंग के शक के साथ 40 हजार रुपये के लेन-देन का विवाद भी सामने आया है। आरोप है कि विशाल की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोबाइल पर सुनी बेटे की अंतिम चीखें
मेरठ के खंदावली गांव निवासी मृतक के पिता शिवकुमार ने बताया कि शनिवार रात उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाला खुद को अनुज उर्फ तनुज बता रहा था। बातचीत के दौरान उन्हें अपने बेटे विशाल की दर्दभरी चीखें सुनाई दे रही थीं। साथ ही पीछे से कुछ लोगों की आवाज आई कि 'तुम्हारे बेटे को खत्म कर दिया है, अब उसे उठाकर ले जाओ।' सूचना मिलते ही परिवार रात में ही सोनीपत पहुंचा, जहां पता चला कि विशाल की हत्या कर उसका शव खेत में फेंक दिया गया था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पड़ोसी ओमवीर को अपनी पत्नी और विशाल के बीच कथित प्रेम संबंध होने का शक था। मृतक के पिता का आरोप है कि इसी बात को लेकर पहले भी उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
वहीं, मृतक के बड़े भाई अतुल ने पुलिस जांच के बीच नया दावा किया है। उनका कहना है कि हत्या की असली वजह प्रेम प्रसंग नहीं, बल्कि 40 हजार रुपये का लेन-देन था। आरोप है कि रुपये लौटाने से बचने के लिए महिला का नाम बीच में लाकर पूरे मामले को प्रेम प्रसंग का रंग दिया गया और उसी बहाने विशाल को निशाना बनाया गया। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
विशाल मेरठ के खंदावली गांव का रहने वाला था और पिछले चार वर्षों से राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह जठेड़ी गांव में किराये के मकान में रह रहा था। परिवार में माता-पिता, एक बड़ा भाई और दो बहनें हैं। परिजनों के अनुसार, परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी दोनों भाइयों पर थी और घर में भविष्य की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
परिवार का आरोप- फैक्टरी से उठाकर खेत में ले गए
परिजनों का आरोप है कि विशाल को कंपनी के बाहर से ही अपने साथ ले जाया गया। इसके बाद उसे गांव से बाहर खेत में ले जाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। उनका कहना है कि आरोपियों ने तब तक मारपीट की, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।