मेरठ में दीवान समूह परिवार के बेटे अजय दीवान की शादी 21 साल पहले बड़े ही धूमधाम से हुई थी। अजय दीवान की शादी नेहा के साथ हुई है। लेकिन पिछले चार दिनों से दंपती के बीच चले रहे विवाद की लड़ाई सड़क पर आ गई है। नेहा ने अपने पति अजय पर गंभीर आरोप लगाते हुए मकदमा दर्ज कराया है।
रिश्तों में आई दरार: दीवान समूह परिवार की बहू बोलीं- नशे में मारपीट करता है पति, आपबीती सुन पुलिस हैरान
नेहा का आरोप है कि अजय सिगरेट, शराब और अन्य प्रकार का नशे का आदी है। नशा कर वह गाली-गलौज और मारपीट करता है। कई बार दोनों परिवार में इसे लेकर बात हुई और परिवार के जिम्मेदार लोगों ने समझौता करा दिया।
बताया गया कि अगस्त 2021 को नोएडा में नेहा के साथ अजय ने मारपीट की थी। इसकी शिकायत नोएडा के थाने में की गई थी। आरोप है कि 22 फरवरी की शाम नेहा की चाय में जहरीला पदार्थ मिला दिया। बेसुध होने से पहले नेहा ने भाई को फोन करके जानकारी दी। भाई ने साकेत पहुंचकर डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि इससे पहले भी उसे जान से मारने की कोशिश की गई। अजय ने कई बार दूसरी शादी करने की धमकी भी दी।
पुलिस ने बचाई कई बार जान
नेहा ने बताया कि डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कई बार उसकी जान बचाई है। परिवार को बचाने के चक्कर में उसने खुद कार्रवाई न करने की बात कही। लेकिन अब हद पार हो गई तो कमिश्नर, डीएम व एसएसपी से मिलकर शिकायत की।
21 साल बाद आई रिश्तों में दरार
अजय और नेहा की शादी को 21 साल हो गए हैं। दंपती के तीन बच्चे हैं। नेहा जागृति विहार स्थित दीवान ग्लोबल स्कूल चला रही हैं। जेल में बंद आसाराम के बेटे नारायण साईं के पास नेहा दीवान के नाम से रजिस्टर्ड कार मिलने का मामला भी आठ साल पहले सुर्खियों में आया था। दंपती में कई बार विवाद हुआ है। नोएडा में दंपती के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी। फिलहाल अजय नोएडा में और नेहा सिविल लाइन क्षेत्र के साकेत में रह रही हैं। परिवार के लोगों में कई बार दंपती के बीच सुलह के लिए बैठकें हो चुकी हैं।
