मेरठ में करीब 26 वर्ष बाद एक साथ दो मंत्री बनने से सूबे की सियासत में मेरठ का रुतबा बढ़ गया है। हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक और दक्षिण विधायक डॉ. सोमेन्द्र तोमर को मंत्रिमंडल में जगह मिलने को 2024 के लिए जिले में पार्टी को मजबूत करने से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे पहले वर्ष 1996 में मेरठ से जयपाल सिंह और रामचंद्र वाल्मीकि एक साथ मंत्री रहे।
योगी मंत्रिमंडल : मेरठ का बढ़ा रुतबा, 26 वर्ष बाद बने दो मंत्री, शपथ ग्रहण के बाद बोले-जनता से किए वादे करेंगे पूरे
सबसे शिक्षित मंत्री हैं सोमेंद्र
पश्चिम के 23 मंत्रियों में 42 साल के सोमेंद्र तोमर सबसे युवा हैं। उनकी शिक्षा की बात करें तो वे सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे हैं। उन्होंने सीसीएसयू कैंपस से भौतिक विज्ञान विभाग से पीएचडी की। पिता महेंद्र सिंह तोमर इंटर कॉलेज में पूर्व प्रधानाचार्य रहे हैं। परिवार में माता, एक भाई, चार बहनें, पत्नी अंजलि, एक बेटी और दो बेटे हैं।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
दिनेश खटीक और सोमेंद्र तोमर के मंत्री बनने के बाद कार्यकर्ता उत्साहित हैं। बधाइयों का दौर शुरू हो गया है। कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि मेरे दोनों युवा साथियों को बधाई। जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल ने खुशी जताई।
संघ से जुड़ा है दिनेश खटीक का परिवार
47 वर्षीय दिनेश खटीक शुरू से ही संघ के कार्यकर्ता रहे। उनके पिता देवेंद्र सिंह भी संघ के कार्यकर्ता हैं। परिवार में माता सरोज देवी, एक भाई नितिन, तीन बहनें, पत्नी आरती और एक बेटा एक बेटी हैं।
यह भी पढ़ें: योगी कैबिनेट 2.0 : पश्चिमी यूपी के 23 मंत्रियों को मंत्रिमंडल में मिली जगह, मेरठ से दलित और गुर्जर चेहरा, देखें पूरी लिस्ट
मेरठ को दिलाएंगे नई पहचान, तेज करेंगे विकास
मेरठ में विकास की अपार संभावनाएं हैं। मेरठ के साथ पश्चिमी यूपी में विकास के नए आयाम स्थापित कराएंगे। एयरपोर्ट, इनर रिंग रोड, गंदगी मुक्त मेरठ और ड्रेनेज सिस्टम पर काम करेंगे। मेरठ की जनता ने जो स्नेह दिया है, पार्टी ने जो जिम्मेेदारी दी है, उसको पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा। - डॉ. सोमेंद्र तोमर, राज्यमंत्री