{"_id":"69cdf19754701242cf05b861","slug":"commercial-lpg-price-hiked-by-200-rupees-food-items-and-catering-services-get-costlier-2026-04-02","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"महंगाई का तड़का: 12 की बेड़ई अब 14 रुपये में, समोसे के भी बढ़ गए दाम; दुकानदारों ने चस्पा की नई रेट लिस्ट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महंगाई का तड़का: 12 की बेड़ई अब 14 रुपये में, समोसे के भी बढ़ गए दाम; दुकानदारों ने चस्पा की नई रेट लिस्ट
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
Published by: Dhirendra Singh
Updated Thu, 02 Apr 2026 11:22 AM IST
विज्ञापन
सार
कमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम 200 रुपये बढ़ने से होटल, रेस्तरां और कैटरिंग कारोबार पर सीधा असर पड़ा है। महंगाई के चलते कचौड़ी, समोसा और मिठाइयों के दाम बढ़ गए हैं और कारोबारी वैकल्पिक साधनों की ओर बढ़ रहे हैं।
महंगाई का तड़का
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
व्यावसायिक गैस सिलिंडर के दामों में 200 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे पहले से महंगाई की मार झेल रहे लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ गया है। नई दरें 1 अप्रैल से लागू हो चुकी हैं। इसका सीधा असर होटल, रेस्तरां और कैटरिंग व्यवसाय पर पड़ेगा। व्यवसायियों का कहना है कि गैस की बढ़ती कीमतों के चलते चाय, नाश्ता, थाली और शादी समारोह की कैटरिंग भी महंगी हो जाएगी। कीमत बढ़ते ही कई दुकानदारों ने कचौड़ी, समोसा समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नए रेट अपनी दुकानों पर चस्पा कर दिए हैं।
Trending Videos
गैस सिलिंडर की कीमतों में इजाफे के साथ-साथ इसकी उपलब्धता भी समय पर नहीं हो पा रही है। सिलिंडर न मिलने से दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कई कारोबारी अब विकल्प के रूप में डीजल भट्ठियों और इंडक्शन का रुख कर रहे हैं। सेंट जोंस चौराहे स्थित रमन स्वीट हाउस के संचालक रमन गुप्ता ने बताया कि सिलिंडर के लिए तीन से चार दिन तक इंतजार करना पड़ता है, जो उनके व्यवसाय के लिए संभव नहीं है। इसी कारण उन्होंने डीजल भट्टी का ऑर्डर दे दिया है और इंडक्शन के उपयोग पर भी विचार कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से कचौड़ी, समोसा और बेड़ई के दाम 12 रुपये से बढ़ाकर 14 रुपये कर दिए गए हैं। साथ ही खोया, छैना और मिक्स मिठाई के दाम भी बढ़ाए गए हैं। लागत में लगातार वृद्धि हो रही है। पहले 15 किलो घी का टीन 2300 रुपये में मिलता था, जो अब 2600 रुपये का हो गया है। मसालों के दाम भी बढ़ गए हैं, जिससे कुल लागत पर असर पड़ा है।
वहीं लोहामंडी के आलमगंज स्थित कालका मिष्ठान भंडार के संचालक जमुना प्रसाद ने बताया कि उन्होंने समोसे की कीमत में दो रुपये की बढ़ोतरी की है और वे भी डीजल भट्ठी के इस्तेमाल पर विचार कर रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह के अनुसार जिले में 84 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनसे करीब 13.57 लाख उपभोक्ता जुड़े हैं। इनमें लगभग सात लाख उपभोक्ता इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन से जुड़े हैं, जबकि शेष उपभोक्ता हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन के हैं।