Naveen Jindal: भाजपा के पूर्व नेता नवीन जिंदल पहुंचे वृंदावन, कहा- देश-दुनिया से मिल रही जान से मारने की धमकी
नुपुर शर्मा के विवादित बयान के समर्थन में ट्वीट करने के बाद सुर्खियों में आए भाजपा के पूर्व नेता नवीन जिंदल मंगलवार को मथुरा के वृंदावन पहुंचे। यहां नवीन जिंदल ने परिवार के साथ बांकेबिहारी जी के दर्शन किए।
विस्तार
नूपुर शर्मा के विवादित बयान के समर्थन में ट्वीट करने वाले भाजपा के पूर्व नेता नवीन जिंदल मंगलवार को ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के दरबार में पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार के साथ बांके बिहारी जी के दर्शन किए। मंदिर सेवायत आशीष गोस्वामी ने उनको ठाकुर बांकेबिहारी का अंग वस्त्र और प्रसाद भेंट किया। दर्शन करने के बाद उन्होंने कहा कि किसी धर्म या पंथ की आस्था को ठेस पहुंचाने का उनका उद्देश्य नहीं है, लेकिन आज उन्हें देश-दुनिया से जान से मारने की धमकी मिल रही है।
देश में शांति के लिए की प्रार्थना
नवीन जिंदल ने कहा कि वह बांके बिहारी जी से प्रार्थना करने आए हैं कि देश में शांति बनी रहे। नवीन जिंदल ने अपने बयान को लेकर कहा कि हमारे हिंदू देवी-देवता के बारे में जिस मानसिकता के लोगों ने अपशब्द अभद्र भाषा का प्रयोग किया था, उसी मानसिकता के लोगों से मैंने सवाल पूछा था। मेरा किसी धर्म या पंथ की आस्था को ठेस पहुंचाने का उद्देश्य नहीं रहा। हम सर्व धर्म संभाव में विश्वास रखते हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश और दुनिया से उनको जान से मारने की धमकी दी जा रही हैं। अपनी सुरक्षा को लेकर नवीन ने कहा कि श्री बांकेबिहारी महाराज के चरणों में आया हूं। इससे बड़ी सुरक्षा कहां मिलेगी। धमकियों के बारे में सूचना दिल्ली पुलिस को दे दी है, वह अपना काम कर रही है।