सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   Taj Mahal Turns Scorching Hot Amid 46.5 degrees celsius Heatwave in Agra

UP Weather: आगरा में आग उगल रहा सूरज, अंगारों सा दहका ताजमहल; 47 डिग्री के पार पहुंचेगा पारा!

अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा Published by: Dhirendra Singh Updated Wed, 20 May 2026 10:51 AM IST
विज्ञापन
सार

आगरा में 46.5 डिग्री तापमान की भीषण गर्मी के कारण ताजमहल दहक उठा और दोपहर में पर्यटकों की संख्या आधी रह गई। लू से बचाव के लिए एएसआई और नगर निगम की ओर से ओआरएस वितरण और जागरूकता अभियान चलाया गया।

Taj Mahal Turns Scorching Hot Amid 46.5 degrees celsius Heatwave in Agra
ताजमहल पर भीषण गर्मी का असर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार

 46.5 डिग्री तापमान के कारण मंगलवार की दोपहर ताजमहल अंगारों जैसा दहक उठा। संगमरमर इस कदर तपा कि दीवारों को छूना मुश्किल हो गया। रॉयल गेट से मकबरे तक गए सैलानी 350 मीटर की दूरी में ही पस्त हो गए। यमुना किनारे की ओर और रॉयल गेट की ओर छायादार सीटों पर पर्यटक बेसुध होकर आराम करते नजर आए। मंगलवार को गर्मी के कारण महज 13,082 सैलानी ही आए, जो आम दिनों की अपेक्षा आधी संख्या है।
Trending Videos

 

ताजमहल पर सुबह 10 बजे के बाद ही तेज धूप के कारण लाल बलुआ पत्थर और संगमरमर दहकने लगा। 12 बजते-बजते ताज पर सन्नाटा छा गया, जो शाम 5 बजे तक बना रहा। सुबह 7 से 10 और शाम को 5 से 7 बजे के बीच ही ताज पर पर्यटक नजर आए। दोपहर में सैलानियों को एएसआई कर्मचारियों ने ठंडा पानी और ओआरएस पाउडर दिया। पूर्वी और पश्चिमी गेट टिकट काउंटर दोपहर में 12 से शाम 5 बजे के बीच पूरी तरह से खाली नजर आए। यहां सामान्य दिनों में मारामारी रहती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

एएसआई की अधीक्षण पुरातत्वविद स्मिथा कुमार ने बताया कि गर्मी से बचने के लिए ताज के दोनों गेटों पर बोर्ड लगाकर पर्यटकों को जागरूक किया जा रहा है। क्यूआरटी बनाई हैं, जो पर्यटकों की तबीयत खराब होने पर उनकी मदद कर रही हैं। पर्यटकों से छायादार वॉकवे से मकबरे तक जाने को कहा जा रहा है, जिससे लू के शिकार न हों।
विज्ञापन

लू से बचाव के लिए बनाए ओआरएस कॉर्नर
नगर निगम ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शहर में कई जगह ओआरएस कॉर्नर लगाए हैं, जहां लोगों को निशुल्क ओआरएस उपलब्ध कराया जा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि गर्मी और तेज पसीना आने से शरीर में पानी के साथ-साथ इलेक्ट्रोलाइट की भी कमी हो जाती है, जिससे लोगों की तबीयत बिगड़ सकती है। सफाई मित्रों को भी नियमित रूप से ओआरएस का वितरण किया जा रहा है ताकि वे भीषण गर्मी में सुरक्षित रह सकें। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने मच्छरों का प्रजनन रोकने के लिए एंटी लार्वा के छिड़काव की बात कही। मंगलवार को संचारी रोग नियंत्रण की बैठक में सफाई रखने और जलभराव रोकने के साथ लू से बचाव के उपायों पर चर्चा की गई।

रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंचा तापमान
मई में सबसे गर्म दिन के रूप में 27 मई 1998 का दिन दर्ज है, जब तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। इसके बाद 31 मई 1994 को अधिकतम तापमान 48.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दो साल पहले भी 20 मई 2024 को तापमान 47.7 डिग्री तक पहुंच चुका है। दो साल पहले करीब एक सप्ताह तक मई में आगरा में तापमान 46 से 47 डिग्री के बीच बना रहा था। इस बार भी इस सप्ताह तापमान 47 डिग्री के पार पहुंच जाने के आसार हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed