सरकारी धन की बर्बादी: सीएम ग्रिड से बनी सड़कों का निर्माण पूरा नहीं हुआ, तोड़ने की तैयारी, सीवर लाइन बिछेगी
चौकाने वाली बात यह है कि सीएम ग्रिड से बनने वाली सड़कों का निर्माण मार्च में पूरा होगा और अप्रैल माह में सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू होना है। अधिकारी तर्क दे रहे हैं कि सड़क निर्माण से पहले सीवर लाइन बिछाई जानी थी, लेकिन इसके लिए शासन से बजट नहीं मिला।
विस्तार
अलीगढ़ शहर में बन रहीं सीएम ग्रिड योजना से बन रहीं सड़कों का निर्माण पूरा नहीं हुआ है, लेकिन सीवर लाइन बिछाने के लिए उन्हें तोड़ने की तैयारी है। जल निगम और नगर निगम के अधिकारियों के बीच समन्वय होता तो सरकारी धन की इस बर्बादी को रोका जा सकता था। पार्षदों का कहना है कि यह कार्य पहले भी किया जा सकता था।
चौकाने वाली बात यह है कि सीएम ग्रिड से बनने वाली सड़कों का निर्माण मार्च में पूरा होगा और अप्रैल माह में सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू होना है। अधिकारी तर्क दे रहे हैं कि सड़क निर्माण से पहले सीवर लाइन बिछाई जानी थी, लेकिन इसके लिए शासन से बजट नहीं मिला। सीवरेज योजना के तहत जल निगम सिविल लाइन क्षेत्र के 16 वार्डों में सीवर लाइन के पाइप बिछाने का कार्य शुरू करेगा। हालांकि जल निगम का दावा है कि सीएम ग्रिड की सड़कों पर पेंच लेस पाइप लाइन बिछाई जाएगी, इसके लिए हर 40 मीटर की दूरी पर मैनहोल बनाएं जाएंगे। सड़क काट दूसरे मैनहोल तक फिर पेंचलेस करेंगे। दावा किया जा रहा है कि इसमें टूट-फूट कम होगी।
पहले चरण सिविल लाइन क्षेत्र में सीवरेज पाइप लाइन बिछाई की मंजूरी मिली है। शासन को 658 करोड़ रुपये का डीपीआर भेजा गया है। धन जारी होते ही अप्रैल माह से कार्य शुरू होगा। सीएम ग्रिड सड़कों पर पेंच लेस पाइप लाइन बिछाई जाएगी। जरूरत के हिसाब से 40 मीटर पर मैनहोल बनाएं जाएंगे। इसके लिए सड़क को काटा जाएगा।-सुनील कुमार, एक्सईएन, जल निगम
सीएम ग्रिड योजना के तहत बनाई जा रही सड़कों को किसी भी सूरत में सीवर पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ने नहीं दिया जाएगा। फुटपाथ से कार्यदायी संस्था सीवर का पाइप लाइन लेकर जा सकती है।-प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त अलीगढ़
अधिकारियों की मनमानी और प्लानिंग के अभाव के कारण जनता के धन की लूट खसोट हो रही है। दो साल से बन रही सीएम ग्रिड योजना की सड़क अब बन कर तैयार होने वाली है। उससे पहले उसे तोड़ कर सीवरेज पाइप लाइन बिछाने की योजना बनाई जा रही है।-आगा युनूस, कांग्रेस नेता
नगर निगम में जनता के पैसे की खुली लूट हो रही है। धन को ठिकाने लगाने के लिए अधिकारी मनमानी पूर्वक कार्य कर रहे है। सड़क बनने के बाद सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के लिए फिर से तोड़फोड़ होगी। यह पैसे की बर्बादी है।-कुलदीप पांडेय, पार्षद
250 करोड़ से बनी रहीं नौ सड़कें
महानगर में सीएम ग्रिड योजना से नौ सड़कों के निर्माण पर ही करीब 250 करोड रुपये खर्च हो रहे हैं। इनमें रामघाट रोड पर क्वार्सी थाने से लेकर मीनाक्षी पुल तक, आईटीआई रोड, खैर रोड, रेलवे रोड, मैरिस रोड, स्वर्ण जयंती रोड से रमेश बिहार 100 फुटा रोड, स्वर्ण जयंती रोड, रघुवीर पुरी रोड, दोदपुर रोड और छर्रा अड्डा पुल से एटा चुंगी होते हुए बौनेर तक सड़कें बनाई जा रही हैं। इसके अलावा इन सड़कों पर पार्किंग, फुटपाथ, पथ प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
निगम अधिकारी बोले- नहीं तोड़ने देंगे सड़क
सीवरेज योजना के तहत दोदपुर रोड और रामघाट रोड पर सीवर लाइन बिछाने के लिए तोड़फोड़ किए जाने की तलवार लटक रही है। इनके अलावा भी पहले चरण में कई और उन सड़कों के नीचे पाइप लाइन बिछाई जाएगी, जिनका निर्माण चल रहा है या पूरा हो गया है। नगर निगम के अधिशासी अभियंता बिजेंद्र पाल सिंह का कहना है कि सीएम ग्रिड के तहत सड़कों का निर्माण होने से पहले से सीवर लाइन बिछाने का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन शासन से मंजूरी नहीं मिली। अब जल निगम को सड़कों से छेड़छाड़ नहीं करने दी जाएगी।
जीटी रोड पर अधौन में बनेगा 48 एमएलडी का एसटीपी प्लांट
अलीगढ़। जीटी रोड पर अधौन में नमामि गंगे योजना के तहत 48 एमएलडी क्षमता का एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) बनाया जाएगा। यह परियोजना गंगा नदी के प्रदूषण को कम करने और क्षेत्रीय सीवेज प्रबंधन को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण है। यहीं पर जल निगम एक मुख्य पंपिंग स्टेशन भी स्थापित करेगा। जिससे सभी आईपीएस (इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशनों) को जोड़ा जाएगा। इससे सीवेज का संग्रहण, परिवहन और उपचार अधिक कुशल होगा।
किस-किस चरण में किन वार्डों में बिछेगी सीवरेज पाइप लाइन
- अलीगढ़ सीवरेज योजना सिविल लाइन एरिया फेस-1 : 1,5,9,12,17,22,33,36,38,57,58,62 ,63,67,76 एवं 82
- अलीगढ़ सीवरेज योजना सिविल लाइन एरिया फेस-2 : 24,25,41,49,52,53,55,59,61,70,73, 74, 75, 80, 81, 85 एवं 88
- अलीगढ़ सीवरेज योजना सिविल लाइन एरिया फेस-3 : 45,46,48,64,65,7 9 एवं 90
- अलीगढ़ सीवरेज योजना सिटी साइड एरिया फेस-1 : 2,11,14,15,19,26 ,30,31,32,34,40, 54,56 एवं 69
- अलीगढ़ सीवरेज योजना सिटी साइड एरिया फेस-2 : 4,8,10,13,18,20,27,28,67,39,42,6 0,68,71,78 एवं 87
- अलीगढ़ सीवरेज योजना सिटी साइड एरिया फेस-3 : 6,21,29,35,44,51 ,66,77,83,84, 86 एवं 89
- अलीगढ़ सीवरेज योजना सिटी साइड एरिया फेस-4 : 3,7,16,23,43,47, 50 एवं 72
- पहले चरण में 658 करोड़ रुपये से 387 किलोमीटर में बिछेगी सीवर लाइन
यहां बनेंगे पांच इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन
- असदपुर क्यामपुर मोड़ के पास।
- रावणटीला जलकल परिसर के पास।
- भदेसी माफी पोखर के पास
- नौरंगाबाद पोखर के पास।
- बीआरसी धनीपुर जलकल परिसर के पास।
