Aligarh: गांव राइट में दो पक्षों के बीच झड़प, चले लाठी-डंडे, पथराव, आधा दर्जन घायल, चार लोग लिए हिरासत में
गांव राइट में बच्चे खेल रहे थे। खेल-खेल में बच्चों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़ा कुछ ही देर में परिवार के बड़ों तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
विस्तार
अलीगढ़ के लोधा थाना क्षेत्र में बच्चों के खेल के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। लाठी-डंडों और पथराव से गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। गली से लेकर छतों तक जमकर पत्थर चले, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोधा के गांव राइट में वसीम और इलियास के बच्चे खेल रहे थे। खेल-खेल में बच्चों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़ा कुछ ही देर में परिवार के बड़ों तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडों के साथ पथराव शुरू हो गया। मामले में दोनों ओर से करीब आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। लोधा थाने के एसओ सुरेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद से दोनों परिवारों के लोग घर से भागे बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
गांव राइट से सूचना मिली कि बच्चों के खेलने के दौरान झड़प होने से दो पक्षों में मारपीट व गाली गलोज हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। - धन्नजय, सीओ गभाना
