अलीगढ़ में बिजली संकट: जब नेताओं पर बात आई तो शुरू हुई लड़ाई, सड़कों पर पब्लिक, नेता-अधिकारियों में मंथन
अलीगढ़ में बिजली अफसरों की मीटिंग विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने बिजली कटौती और अनियमितता पर अफसरों को घेरा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों के कुछ सवालों का अफसरों ने जवाब दिया तो कुछ पर चुप्पी साधे बैठे रहे।
विस्तार
मार्च का महीना बिजली संकट से भरा रहा। भीषण गर्मी हो या फिर आंधी-पानी बिजली की किल्लत से अलीगढ़ के लाखों उपभोक्ता परेशान रहे। प्री-पेड स्मार्ट मीटर के ऑटो कट ने जनता को उग्र प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया। जिसमें उपभोक्ताओं ने उपकेंद्रों पर तालाबंदी और बिजली गुल कर जमकर हंगामा किया। जनता ने जनप्रतिनिधियों को घेरा तो वह जिले से लेकर शासन तक आवाज पहुंचाई।
अपनी साख पर आई तो 22 मार्च को सर्किट हाउस में बिजली अफसरों की मीटिंग विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने बिजली कटौती और अनियमितता पर अफसरों को घेरा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों के कुछ सवालों का अफसरों ने जवाब दिया तो कुछ पर चुप्पी साधे बैठे रहे। तीन घंटे चली इस बैठक में जनता को कितना फायदा पहुंचेगा यह तो आने वाला समय की बताएगा?
क्वार्सी बाईपास स्थित सर्किट हाउस सभागार में रविवार को बिजली विभाग के अधिकारियों और जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ सुझाव व मार्गदर्शन की बैठक हुई। दोपहर 12 बजे से शुरू हुई बैठक में जेई से लेकर एई, एसडीओ, एक्सईएन, एसई और मुख्य अभियंता रहे। जिसमें एक-एक जनप्रतिनिधियों ने विभागीय अधिकारियों को घेरना शुरू किया। तीन बजे तक चली बैठक में मार्गदर्शन व सुझाव कम शिकायतों का दौर ज्यादा चला। यही नहीं जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों द्वारा फोन न रिसीव करने की व्यथा भी बताई।
एक जनप्रतिनिधि ने प्री-पेड स्मार्ट मीटर का अपना दर्द बयां किया। कहा कि मेरे घर की बिजली कट गई। पूछने पर पता चला बकाया है। बकाया व रिचार्ज करने के दो घंटे बाद बिजली जोड़ी। इसके लिए एक्सईएन को पांच से छह बार फोन करना पड़ा। जब हमारा यह हाल है तो आम जनता को क्या होगा? खैर में तैनात बाबू रामवीर यादव ने भाजपा कार्यकर्ता से ट्यूबवेल कनेक्शन के नाम पर 25 हजार रुपये ले लिए। यह मुद्दा भी जनप्रतिनिधियों ने उठाया। जिस पर मुख्य अभियंता ने कड़ी कार्रवाई की बात कही। इस मौके पर मुख्य अभियंता पंकज अग्रवाल, एसई यूसी जैन, संदीप यादव अंशुमान यादव, एक्सईएन राहुल बाबू कटियार, पंकज तिवारी, एई संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
बिजली चोरी पकड़ी गई तो कार्रवाई करो : रवेंद्र पाल सिंह
अलीगढ़। विधायक छर्रा रवेंद्र पाल सिंह ने कहा कि विजीलेंस की टीम छापा मारकर बिजली चोरी में पकड़े गए उपभोक्ताओं को अपना मोबाइल नंबर देकर आती है। इसका क्या मतलब है? बिजली चोरी पकड़ी गई तो कार्रवाई करो। भाजपा कार्यकर्ताओं पर बिजली चोरी की कार्रवाई की जा रही है, जबकि एक पूर्व चेयरमैन के घर पर दो किलोवाट का कनेक्शन है। उनके यहां पांच एसी लगे हैं, यह कौन चेक करेगा?
स्मार्ट मीटर को किस नीति के तहत किया प्री-पेड: अनिल पाराशर
कोल विधायक अनिल पाराशर ने कहा कि स्मार्ट मीटर को किस नीति के तहत प्री-पेड किया गया। इस सवाल पर अधिकारी बगले झांकते रहे। यही नहीं लाइनमैनों द्वारा नगर निकाय क्षेत्रों के खंभों पर लगी लाइटों को उतारने की भी बात कही गई। जिसे बिजली अधिकारियों ने स्वीकार कर जांच करने को कहा। विधायक मुक्ता राजा ने बिना तार वाले खंभों को हटाने और बांस-बल्लियाें के सहारे लगीं केबलों को सही करने को कहा।
आज से बकायेदारों की बत्ती होगी गुल
अलीगढ़ जिले में प्रीपेड स्मार्ट मीटर बकायेदारों की मुसीबतें बढ़ने वाली हैं। बिजली निगम 23 मार्च से बकायेदारों की बिजली ऑटो कट करेगा। जिले में कुल 2.31 लाख प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं पर 35 करोड़ रुपये का बकाया है। 20 मार्च तक 31,780 कनेक्शन काटे। इन पर करीब 13.48 करोड़ रुपये बकाया था। इनमें से 12.67 करोड़ जमा करने वाले 28,475 उपभोक्ताओं की बिजली जोड़ी गई। ईद के मौके पर निगम ने 20 से 22 मार्च तक बकायेदारों को बिल जमा करने की मोहलत दी थी। 23 मार्च से विभाग ऑटो कट की कार्रवाई तेज करेगा। नेगेटिव बैलेंस वाले मीटर में बिजली सप्लाई बंद हो जाएगी। बिजली निगम के मुख्य अभियंता पंकज अग्रवाल ने कहा कि बकायेदार परेशानी से बचने के लिए जल्द से जल्द बकाया जमा कर रिचार्ज कराएं।