Hathras News: सिकंदराराऊ बना प्रतिबंधित कोडिन सिरप का ‘सॉफ्ट टारगेट’, उत्तराखंड से जुड़ी जांच
जांच में सामने आया है कि धंधेबाज अब प्रतिबंधित बोतलों से सिरप निकालकर सादा शीशियों में भर रहे हैं, ताकि पहचान से बच सकें। जांच के तार अब उत्तराखंड से जुड़ते नजर आ रहे हैं, जहां दवा निर्माता कंपनी के स्टॉक की पड़ताल की जा रही है।
विस्तार
सिकंदराराऊ क्षेत्र में प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप की खाली शीशियों की खेप लगातार मिलने से यह इलाका ‘सॉफ्ट टारगेट’ बनता जा रहा है। बीते तीन महीनों में दो बड़ी बरामदगी ने स्वास्थ्य व पुलिस विभाग को अलर्ट कर दिया है। जांच के तार अब उत्तराखंड से जुड़ते नजर आ रहे हैं, जहां दवा निर्माता कंपनी के स्टॉक की पड़ताल की जा रही है।
16 जनवरी को पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में कूड़े में 34 शीशियां और 17 मार्च को सीएचसी मार्ग पर 149 खाली शीशियां मिली थीं। दोनों मामलों में दवाएं प्रतिबंधित कोडिन श्रेणी की थीं। औषधि विभाग के अनुसार सप्लाई चेन उत्तराखंड से जुड़ी हो सकती है।
देहरादून में कंपनी के स्टॉक का मिलान कर यह पता लगाया जा रहा है कि दवाएं किन वितरकों के माध्यम से यहां तक पहुंचीं। अलीगढ़ मंडल के सभी जिलों में मेडिकल स्टोरों के स्टॉक का सत्यापन जारी है।
हम आपूर्ति की पूरी चेन की जांच कर रहे हैं। कंपनी से डेटा मांगा गया है और मंडलभर में स्टॉक का मिलान कराया जा रहा है। — राजकुमार शर्मा, औषधि निरीक्षक
बचने का नया तरीका
जांच में सामने आया है कि धंधेबाज अब प्रतिबंधित बोतलों से सिरप निकालकर सादा शीशियों में भर रहे हैं, ताकि पहचान से बच सकें।