ADA: स्वर्णजयंती नगर विस्तार योजना में 400 फ्लैट बनेंगे, इसमें 200 एडीए अपने पास रखेगा, 2030 तक देने की तैयारी
स्वर्णजयंती नगर विस्तार योजना वर्ष 2004 में शुरू हुई थी। इसके तहत लगभग 14 हेक्टेयर भूमि पर आवासीय भूखंड और मकान आवंटित किए गए थे। कुल 248 आवंटियों में से कई को भूखंड नहीं मिल पाए थे, जिसके कारण 20 वर्षों से विवाद चला आ रहा था।
विस्तार
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) की स्वर्ण जयंती नगर विस्तार योजना के 169 आवंटियों ने लंबे इंतजार के बाद फ्लैट लेने पर सहमति जता दी है। स्वर्णजयंती नगर विस्तार योजना समिति के पदाधिकारियों और एडीए वीसी के बीच दो घंटे तक चली वार्ता में आवंटियों ने फ्लैट लेने पर अपनी रजामंदी दी है। एडीए वीसी ने बैठक में प्रोजेक्ट का विस्तृत प्लान दिखाया और पदाधिकारियों को हर पहलू समझाया।
स्वर्णजयंती नगर विस्तार योजना वर्ष 2004 में शुरू हुई थी। इसके तहत लगभग 14 हेक्टेयर भूमि पर आवासीय भूखंड और मकान आवंटित किए गए थे। कुल 248 आवंटियों में से कई को भूखंड नहीं मिल पाए थे, जिसके कारण 20 वर्षों से विवाद चला आ रहा था। इनमें से कुछ ने एडीए से अपना पैसा भी वापस ले लिया है, मगर करीब 169 आवंटी ऐसे हैं, जो कई साल से विभाग का चक्कर लगाकर प्लाॅट की मांग कर रहे हैं। कई वीसी आए और चले गए, लेकिन इनकी समस्या का समाधान नहीं कर सके।
एडीए वीसी कुलदीप मीणा ने पुराने आवंटियों के लिए बहुमंजिला फ्लैटों का निर्माण करने का फैसला किया है। साढ़े छह एकड़ भूमि पर कंपनी से सर्वे कराया गया है। वीसी ने स्पष्ट किया कि फ्लैट निर्माण पीपीपी मॉडल पर होगा, टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विभाग का लक्ष्य मार्च 2030 तक आवंटियों को फ्लैट सौंपना है। बुधवार को स्वर्णजयंती नगर विस्तार योजना समिति के पदाधिकारियों की बैठक एडीए सभागार में हुई। केपीएमजी कंपनी द्वारा तैयार किए गए प्रस्ताव को देख कर पदाधिकारियों ने सहमति जाहिर की। पदाधिकारियों ने कहा कि प्लाॅट के बदले फ्लैट लेना मंजूर है, लेकिन इसके लिए अतिरिक्त देय नहीं दिया जाएगा।
एडीए वीसी द्वारा विस्तार से ग्रुप हाउसिंग योजना के बारे में बताया गया। समिति ने अपनी रजामंदी जाहिर की है। प्लाॅट की जमा धनराशि से ही फ्लैट मुहैया कराया जाए।-डॉ. बालकिशन, अध्यक्ष स्वर्णजयंती नगर विस्तार योजना समिति।
स्वर्णजयंती नगर विस्तार योजना समिति के पदाधिकारियों ने ग्रुप हाउसिंग में फ्लैट लेने की सहमति दी है। जल्द ही इस परियोजना पर कार्य शुरू किया जाएगा।-कुलदीप मीणा, वीसी एडीए।
दो से चार बीएचके के 400 फ्लैट बनेंगे
एडीए के पास मौजूद साढ़े छह एकड़ भूमि पर करीब 400 से अधिक फ्लैट का निर्माण कराया जाएगा। 60 दिन के अंदर टेंडर जारी कर फर्म का चयन कर लिया जाएगा। तीन साल के अंदर इस प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य है। लगभग 200 फ्लैट एडीए अपने पास रखेगा।