Aligarh News: पहले घुना तो अब राशन में मिला गीला गेहूं, धूप तलाश रहे कार्डधारक, अनाज की गुणवत्ता पर उठे सवाल
कई राशन दुकानों पर उपभोक्ताओं ने गीला और सीलन युक्त गेहूं मिलने की शिकायत की है। उनका कहना है कि सरकारी राशन से घर का चूल्हा चलता है, लेकिन अनाज की खराब गुणवत्ता ने मुश्किल बढ़ा दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ में राशन की दुकान से गेहूं मिला, लेकिन घर पहुंचते ही चिंता शुरू हो गई। थैले में रखा गेहूं गीला था। अब इसे पहले धूप में सुखाना होगा, फिर चक्की पर पिसवाने के बाद ही रोटियां बन पाएंगी। बारिश के मौसम में राशन कार्डधारकों के लिए यह अतिरिक्त परेशानी बन गई है।
जिले की कई राशन दुकानों पर उपभोक्ताओं ने गीला और सीलन युक्त गेहूं मिलने की शिकायत की है। उनका कहना है कि सरकारी राशन से घर का चूल्हा चलता है, लेकिन अनाज की खराब गुणवत्ता ने मुश्किल बढ़ा दी है। कार्डधारकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि राशन गोदामों से निकलने वाले अनाज की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और दुकानों पर सूखा व बेहतर गुणवत्ता वाला गेहूं उपलब्ध कराया जाए।
जिले में 1346 राशन की दुकानें हैं। यहां करीब 26 लाख लाभार्थी सरकारी राशन का लाभ ले रहे हैं। प्रत्येक व्यक्ति को पांच किलो राशन दिया जाता है, जिसमें दो किलो गेहूं, दो किलो बाजरा और एक किलो चावल शामिल हैं।
राशन की दुकान से मिला गेहूं पूरी तरह गीला है। इसे पहले धूप में सुखाना पड़ेगा। इसके बाद ही पिसवाकर रोटी बनाई जा सकेगी। अनाज को सुरक्षित रखने की व्यवस्था क्यों नहीं की जाती।-रूबी वार्ष्णेय, निवासी सराय हकीम
बारिश के मौसम में गीले गेहूं को सुखाना आसान नहीं है। मजबूरी में उपभोक्ताओं को ऐसा राशन लेना पड़ रहा है। व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं होता। -जावेद, निवासी रसलगंज
इससे पहले भी कोटे से घुन लगा गेहूं मिलने की शिकायत की गई थी। अब गीला गेहूं मिलने से परेशानी और बढ़ गई है। दुकानदार गोदाम से ही खराब गेहूं आने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं।-नगीना परवीन, निवासी रसलगंज
गीले गेहूं के साथ सर्वर की समस्या भी परेशानी बढ़ा रही है। पहले राशन लेने के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। फिर बारिश के मौसम गेहूं सुखाने के लिए धूप का इंतजार करना पड़ता है।-पुष्पा, निवासी सराय हकीम
एफसीआई के गोदामों को निर्देश दिए गए हैं कि गीला गेहूं स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी राशन डीलरों को पत्र जारी कर कहा गया है कि यदि उनके पास गीला गेहूं पहुंचा है तो उसे वापस कर बदलवाएं। किसी भी उपभोक्ता को गीला गेहूं मिलने पर वह विभाग को सूचना दे सकता है। व्यवस्था को सख्ती से लागू कराया जा रहा है।-सत्यवीर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी।
डीलर बोले- गोदाम से ही आ रहा खराब गेहूं
सराय हकीम क्षेत्र के राशन डीलर मो. इसराइल ने बताया कि गोदाम से ही गेहूं गीला पहुंच रहा है। जुलाई में आए गेहूं में घुन की शिकायत भी सामने आई थी। उन्होंने कहा कि खराब अनाज मिलने पर उपभोक्ता डीलरों से नाराज होते हैं, जबकि समस्या गोदाम स्तर से आ रही है। सर्वर की धीमी गति भी कोटे की दुकानों पर बड़ी परेशानी बनी हुई है।