UP : कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव बोले- सपा शासन में बम फूटते थे, आज गूंज रहा हर-हर बम-बम
उत्तर प्रदेश के जल शक्ति एवं जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सर्किट हाउस में ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि एक समय था।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के जल शक्ति एवं जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सर्किट हाउस में ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि एक समय था जब प्रदेश में गुंडों और आतंकियों के बम फूटते थे, लेकिन आज मोदी-योगी की डबल इंजन सरकार में ‘हर-हर बम-बम’ गूंज रहा है और विकास की गंगा बह रही है।प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था इतनी मजबूत है कि देश की बेटियां आधी रात को भी कहीं भी बेखौफ आ-जा सकती हैं। उन्होंने कहा, योगी सरकार के डर से गुंडे या तो ऊपर चले गए हैं या कहीं छिपे बैठे हैं।
डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की चाहत है कि हर गरीब चांदी की चम्मच से भोजन करे। उन्होंने मुफ्त राशन, निशुल्क इलाज, किसान सम्मान निधि और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। मंत्री ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी कॉरिडोर और प्रयागराज के दिव्य-भव्य महाकुंभ का उल्लेख करते हुए इसे दुनिया के लिए मिसाल बताया।
उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध और वर्तमान में अमेरिका-इजरायल-इरान संघर्ष का उदाहरण देते हुए कहा कि पीएम मोदी की कूटनीति के कारण ही भारतीय सुरक्षित वतन लौट रहे हैं। इस अवसर पर सांसद प्रवीण पटेल, मेयर गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, दीपक पटेल, पीयूष रंजन निषाद, गुरु प्रसाद मौर्य, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, राजेश केसरवानी, पुष्पराज सिंह, धनंजय सिंह, अवधेश चंद्र गुप्ता, रवि केसरवानी, पवन श्रीवास्तव आदि की मौजूदगी रही।
नौ वर्ष में 156 करोड़ पर्यटक आए यूपी में, इसमें से 70 करोड़ पहुंचे प्रयागराजप्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2017 से अब तक 156 करोड़ पर्यटकों का आगमन हुआ। इसमें से तकरीबन 70 करोड़ प्रयागराज पहुंचे। योगी सरकार के सत्ता में आने से पहले यहां पर्यटकों के आगमन की संख्या 4.25 करोड़ थी। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने संगम नगरी में संचालित तमाम सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का ब्यौरा भी दिया।
मंत्री ने लखपति दीदियों और बैंक सखियों को दिए प्रशस्ति पत्र
प्रयागराज। प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले के प्रभारी और जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री ने स्वयं सहायता समूह की लखपति दीदियों को प्रशस्ति पत्र दिया, वहीं दूसरी ओर तीन बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया। प्रभारी मंत्री ने जिला पंचायत परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई नौ दिवसीय प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और स्वीकृति पत्र वितरित किए। प्रभारी मंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल की लत से बचाएं और उन्हें संस्कार व अनुशासन की शिक्षा दें।