Prayagraj : यूक्रेन में लापता रामचंद्र की तलाश में परिजन बेहाल, पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर हमले के बाद लापता झूंसी के नीबी कला के रामचंद्र दुबे (23) का छह दिन बाद बृहस्पतिवार को भी पता नहीं चला है। रामचंद्र के परिजन उनकी तलाश के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मीडिया के माध्यम से मदद की गुहार लगा रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर हमले के बाद लापता झूंसी के नीबी कला के रामचंद्र दुबे (23) का छह दिन बाद बृहस्पतिवार को भी पता नहीं चला है। रामचंद्र के परिजन उनकी तलाश के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मीडिया के माध्यम से मदद की गुहार लगा रहे हैं। परिजन विदेश मंत्रालय और यूक्रेन दूतावास से भी संपर्क कर चुके हैं। रामचंद्र के साथ बरेली के दीपक गुप्ता भी 25 जुलाई को रूस के ड्रोन हमले के बाद समुद्र में छलांग लगाने के बाद से लापता हैं।
रामचंद्र डारलो नामक कंपनी के जहाज से फरवरी 2025 में रवाना हुए थे और आठ सदस्यीय क्रू टीम में शामिल थे। 26 जुलाई को उनकी छोटी बहन सीमाक्षी दुबे को कंपनी के नोएडा कार्यालय से लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद रामचंद्र के सगे भाई कृष्णदास और चचेरे भाई मुक्तेश्वर दुबे नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय और यूक्रेन दूतावास के चक्कर लगा रहे हैं। उन्हें अभी तक कोई सहायता नहीं मिल पाई है।
बुधवार को दोनों भाई नई दिल्ली में फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल और मनोज तिवारी से भी मिले थे। सांसद प्रवीण पटेल ने विदेश मंत्रालय और यूक्रेन दूतावास से पत्राचार किया है। उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर मदद का भरोसा भी दिया है। बृहस्पतिवार को रामचंद्र के पिता रमेश दुबे, मां कल्पना दुबे और बड़ी बहन सीमाक्षी दुबे ने मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की अपील की।
कंपनी और अन्य लापता के परिजनों से संपर्क
बृहस्पतिवार को रामचंद्र दुबे के भाइयों ने नोएडा में डेलो शिप कंपनी के प्रबंध निदेशक सुशांत राजौरा से मुलाकात की। एमडी सुशांत राजौरा ने कृष्णदास और मुक्तेश्वर दुबे को मदद का भरोसा दिया। वहीं, लापता दीपक गुप्ता के बड़े भाई संदीप ने भी बुधवार को रामचंद्र के परिजनों से संपर्क साधा। संदीप ने बताया कि दीपक का अनुबंध दो दिन बाद समाप्त होने वाला था और वह घर लौटने वाला था।
रोमानिया बार्डर पर जहाज पर हुआ था ड्रोन और मिसाइल से हमला, तस्वीर आई सामने
यूक्रेन के जिस जहाज पर हमला हुआ था, वह रोमानिया होते हुए ग्रीस जा रहा था। रोमानिया और यूक्रेन के बॉर्डर पर रूस ने जहाज पर पहले ड्रोन और बाद में मिसाइल से हमला किया था। बृहस्पतिवार को जहाज पर हमले के बाद का एक वीडियो सामने आया है। लापता रामचंद्र की बहन सीमाक्षी ने बताया कि वीडियो में जहाज के एक हिस्से में आग की भयंकर लपटें दिख रही हैं। जहाज के केबिन के भीतर और बाहर के शीशे भी टूटे हुए बिखरे पड़े हैं। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।