फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर में प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर स्थित सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद का कोल्ड स्टोरेज तेज धमाके के साथ धराशायी हो गया। अमोनिया गैस टैंक फटने के चलते यह हादसा हुआ है। मलबे में डेढ़ दर्जन से अधिक मजदूर दब गए। आनन फानन में सभी को बाहर निकाला गया। इसमें चार मजदूरों के मौत की बात कही जा रही है। छह की हालत नाजुक बताई जा रही है। जिले भर की एंबुलेंस को राहत बचाव कार्य में लगाया गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरफ की टीम रेस्क्यू आपरेशन में जुटी है।हादसे के चलते मलाक हरहर में लखनऊ हाईवे पर वाहनों का आवागमन ठप हो गया है।
मौके पर जिलाधिकारी मनीष कुमा वर्मा, पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मलबे में डेढ़ दर्जन से अधिक लोग दब गए। घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से एसआरएन अस्पताल पहुंचाया गया है। फाफामऊ समेत आसपास के कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि मौके से निकाले गए चार मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है। मौके पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुट गई है। दर्जन भर से अधिक जेसीबी मलबो को हटाकर दबे हुए लोगों को खोज रही है। शाम सवा चार बजे तक तीन शव निकाले जा चुके हैं। सभी मजदूर बिहार के सहरसा जिले के बताए जा रहे हैं। एक मृतक की पहचान सहरसा के ज्योतिष के रूप में हुई है।
पीएम ने किया मुआवजे का एलान
पीएम नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हुए हादसे पर दुख जताया है। पीएम ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। पीएमएनआरएफ से हर मृतक के परिवार वालों को दो लाख रुपये की मदद दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
जनपद प्रयागराज के कोल्ड स्टोरेज में हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 23, 2026
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को ₹02-02 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल…
मृतकों के परिजनों को मिलेंगे दो लाख: सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के कोल्ड स्टोरेज में हुई भीषण दुर्घटना को हृदय विदारक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, घायलों के तत्काल बेहतर इलाज और जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति मिले।