Prayagraj : 'जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा', कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने जारी किया पोस्टर
Rahul Gandhi In Prayagraj : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आठ अगस्त को प्रयागराज के केपी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करेंगे। रोजगार, पेपर लीक और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित इस कार्यक्रम का पोस्टर बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन पर छात्रों की मौजूदगी में जारी किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रोजगार, पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर आठ अगस्त को प्रयागराज केपी इंटर कालेज मैदान में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में 'छात्र संवाद' करेंगे। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय इलाहाबाद विश्वविद्यालय परिसर के छात्र संघ भवन पर पहुंचे। यहां उन्होंने बड़ी संख्या में जुटे छात्रों के साथ 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया। पोस्टर में 'जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा', 'प्रयागराज चलो , इतिहास रचते हैं, शिक्षा क्रांति', 'अब छात्रों की गूंज', 'सत्ता की जड़ें हिला देंगी' जैसे स्लोगन लिखा था।
अजय राय ने कहा कि प्रयागराज वह शहर है जहां लाखों युवा वर्षो से भर्ती परीक्षाओ की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें बार-बार भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और पेपर लीक जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक ने युवाओं का वर्त्तमान छीन लिया, जबकि लंबित भर्तीयों उनका भविष्य अधर में डाल दिया। कहा कि 'छात्रों की गूंज' ऐसे युवाओं के लिये एक अवसर है, जिसे राहुल गांधी खुद लेकर आ रहे हैं।
राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के संरक्षण में शिक्षा माफियाओं का पेपर लीक व्यापार फलफूल रहा है। उन्होंने राहुल गांधी के इस कार्यक्रम में युवाओं को बढ़चढ़ कर शामिल होने की अपील की। इस मौके पर शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी, मुकुंद तिवारी, हरिकेश त्रिपाठी, अनिल यादव, विवेकानंद, हसीब अहमद, गौरव पांडेय, दिनेश यादव, विजय मिश्रा, अनूप त्रिपाठी, किशोर वार्ष्णेय, आदेश शर्मा, आदर्श पांडेय, सत्यम कुशवाहा, अजय बागी, वसीम अंसारी समेत आदि लोग मौजूद रहे।
छात्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर की शुरुआत
भारतीय युवा कांग्रेस की ओर से 'छात्रों की गूंज' मुहिम से जुड़ने के लिए एक हेल्पलाइन शुरु की है। पार्टी प्रवक्ता हसीब अहमद ने बताया कि राहुल गांधी के 'छात्र संवाद' कार्यक्रम में हिस्सा लेने के कारण छात्रों को कथित तौर पर धमकियां और उत्पीड़न का सामना करने पर उन्हें कानूनी व संगठनात्मक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। हसीब अहमद ने बताया कि धमकी, ऑनलाइन दुर्व्यवहार या उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है या, उनके परिजनों को निशाना बनाया जाता है तो, वे हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।