Prayagraj : छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में प्रोफेसर को भेजा जेल, निलंबित
एमएनएनआईटी की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर सौगत राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एमएनएनआईटी की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर सौगत राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। संस्थान ने कोलकाता के कृष्णापुर थाना क्षेत्र निवासी आरोपी प्रोफेसर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एमएनएनआईटी की छात्रा मूलरूप से ओडिशा की रहने वाली है। कुछ समय पहले उसकी बहन और माता-पिता प्रयागराज आए थे। आरोप है कि इस दौरान उनकी मुलाकात कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर सौगत राय से हुई थी।
छात्रा की मां ने प्रोफेसर से पढ़ाई में मदद करने का आग्रह किया था। इसके बाद परिवार प्रोफेसर के आवास पर डिनर के लिए भी गया था। आरोप है कि इसके बाद प्रोफेसर छात्रा को पढ़ाने के लिए अपने आवास पर बुलाने लगा। छह अगस्त को छात्रा के माता-पिता के वापस जाने के बाद आरोपी ने स्नैपचैट के जरिये उससे बातचीत शुरू की। प्रोफेसर ने उससे आपत्तिजनक बातें कीं। नौ अगस्त दोपहर एक बजे आरोपी उसे पढ़ाई के लिए अपने कमरे पर बुलाया।
आरोप है कि वहां पहुंचने पर उसे फेल करने की धमकी देते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत पर शिवकुटी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छात्रा का बयान दर्ज किया और मेडिकल परीक्षण कराया। शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। कुलसचिव डॉ.अंबक कुमार राय ने बताया कि संस्थान की प्रारंभिक जांच के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है।
एमएनएनआईटी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध प्रोफेसर की प्रोफाइल और उससे संबंधित जानकारी भी हटा दी गई है।जनवरी में भी हुई थी शिकायत:प्रोफेसर के खिलाफ जनवरी में भी एक शिकायत की जानकारी सामने आई है। इसमें उनके छात्रों को ठीक से न पढ़ाने की शिकायत की गई थी, जिसकी जांच संस्थान स्तर पर अभी चल रही है।