सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Prayagraj News ›   Tanks of 30 petrol pumps in the district dried up, were locked, tanks became empty due to sudden increase i

Prayagraj : जिले के 30 पेट्रोल पंपों की टंकियां सूखीं, लगे ताले, अचानक भीड़ बढ़ने से खाली हो गया टैंक

अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज Published by: विनोद सिंह Updated Fri, 27 Mar 2026 04:13 PM IST
विज्ञापन
सार

पेट्रोल पंप पर अचानक दो से तीन गुना भीड़ जुटने से जिले के तकरीबन 30 पंप की टंकियां सूख गईं और इनपर ताले लग गए। इनमें से ज्यादातर टंकियां एचपीसीएल व बीपीसीएल की हैं। इन पंप को पेट्रोल व डीजल की सप्लाई जिले के बाहर से होती है।

Tanks of 30 petrol pumps in the district dried up, were locked, tanks became empty due to sudden increase i
करबला चौराहे स्थित पेट्रोल टंकी पर तेज भरवाने को जुटी लोगों की भीड़। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार

पेट्रोल पंप पर अचानक दो से तीन गुना भीड़ जुटने से जिले के तकरीबन 30 पंप की टंकियां सूख गईं और इनपर ताले लग गए। इनमें से ज्यादातर टंकियां एचपीसीएल व बीपीसीएल की हैं। इन पंप को पेट्रोल व डीजल की सप्लाई जिले के बाहर से होती है।

Trending Videos


प्रयागराज में आईओसीएल के 148, एचपीसीएल के 114 और बीपीसीएल के 106 पंप हैं। आईओसीएल के पंप को स्थानीय स्तर पर प्लांट से सीधे सप्लाई हो जाती है। हालांकि, एचसीएल व बीपीसीएल के पेट्रोल पंप के पास यह सुविधा नहीं है। इन पंप को लखनऊ, मुगलसराय और कानपुर से सप्लाई होती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


पंप पर दो से तीन दिन का स्टॉक होता है, लेकिन अचानक दो से तीन गुना भीड़ बढ़ने के कारण एक ही दिन में पूरा स्टॉक खत्म हो गया और तकरीबन 30 पेट्रोल पंप की टंकियां सूख गईं। इनमें से ज्यादातर पेट्रोल पंप एचपीसीएल व बीपीसीएल के हैं। बृहस्पतिवार को बैंकों में नवरात्र का अवकाश होने के कारण नई आपूर्ति के लिए भुगतान नहीं किया जा सका।

शुक्रवार को बैंक खुलने के बाद पेट्रोल पंप के लिए नया स्टॉक भेजा जाएगा। हालांकि, पेट्रोल व डीजल विस्फोटक की श्रेणी में आते हैं, इसलिए इनका परिवहन करने वाले टैंकर काफी धीमी गति से चलते हैं। ऐसे में टैंकर को प्रयागराज पहुंचने में आठ से 10 घंटे का वक्त लग सकता है। ऐसे में हालात शनिवार तक ही सामान्य होने के आसार हैं।

Tanks of 30 petrol pumps in the district dried up, were locked, tanks became empty due to sudden increase i
संगम पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने को जुटी लोगों की भीड़। - फोटो : अमर उजाला।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालाें को चिह्नित कर होगी कार्रवाई

जिले के सभी पंप में पेट्रोल व डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, इसके बावजूद अफवाह के कारण सभी पंप पर लोगों की लाइन लग रही है। बृहस्पतिवार को डीएम ने संबंधित विभागों के साथ बैठक करते हुए निर्देश दिए कि अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित किया जाए और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। वहीं, उन्होंने पेट्रोल-डीजल व एलपीजी का अनधिकृत भंडारण करने वालों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी सुशील सिंह एवं पेट्रोलियम कंपनियों के विक्रय अधिकारियों ने बताया कि जनपद के सभी पेट्रोल पंप में कुल 65 लाख लीटर डीजल/पेट्रोल उपलब्ध है। वहीं, जिले की 144 गैस एजेंसियों के माध्यम से सुचारु रूप से एलपीजी उपभोक्ताओं को सिलिंडर की आपूर्ति कराई जा रही है। 

Tanks of 30 petrol pumps in the district dried up, were locked, tanks became empty due to sudden increase i
तेल खत्म होने के बाद हाईकोर्ट के पास स्थित पेट्रोल पंप बंद हो गया है। - फोटो : अमर उजाला।

कंट्रोल रूम के इन नंबरों पर समस्या बताएं उपभोक्ता

एलपीजी एवं पेट्रोल/डीजल को लेकर उपभोक्ताओं को अगर कोई शिकायत है तो वे कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर- 8299632748, 7388036037, 8126271301, 8853522200, 9956591463, 8299033086 पर संपर्क कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में आने वालीं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए हैं।

घूम-घूमकर फुल कराई जा रही टंकी

पेट्रोल पंप पर दो पहिया व चार पहिया वाहनों की लंबी लाइन के पीछे एक कारण यह भी है कि पंप से आपूर्ति की मात्रा सीमित कर दिए जाने से लोग अलग-अलग पंप पर जाकर अपने वाहनों की टंकी फुल करा रहे हैं। किसी पेट्रोल पंप ने 100 तो किसी ने 200 रुपये की सीमा निर्धारित कर दी है, ताकि आपूर्ति संतुलित रखी जा सके और स्टॉक बना रहे। इसके चलते लोग एक पंप पर पेट्रोल भराने के बाद दूसरे पंप पर पहुंचकर लाइन लगा रहे हैं, ताकि टंकी फुल करा सकें। इनमें दो पहिया वाहनों की संख्या अधिक है।

कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है कि पंप पर पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया है, जबकि वास्तविक स्थिति ऐसी नहीं है। सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। सोशल मीडिया को ट्रैक किया जा रहा है। अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। - मनीष कुमार वर्मा, जिलाधिकारी

कर्बला चौराहे पर जाम, पुलिस को पेट्रोल पंप के बाहर लगवानी पड़ी लाइन

अल्लापुर की शिवनगर कॉलोनी के रहने वाले दीपू अपने दास्तों के साथ कई पेट्रोल पंप की खाक छानते हुए सिविल लाइंस के हॉट स्टफ चौराहे पर पहुंचे और पास में स्थित सेठ ऑटोमाेबाइल पेट्रोल पंप पर पहुंचे। दीपू अपने दोस्तों से बोले- अमे गुरू यहां बड़ी भीड़ है, चलो आगे देखा जाए। तभी एक साथी ने कहा कि कि पंप घूमते-घूमते गाड़ी की टंकी खाली हो जाएगी।

हॉट स्टफ चौराहे के दोनों तरफ 100-100 मीटर की दूरी पर सुभाष चौराहे और पीवीआर के सामने वाले वाले पेट्रोल पंप पर भी कमोवेश यही स्थिति रही। लोगों के पास कोई विकल्प नहीं था, सो लाइन में लगते गए। सोहबतियाबाग बड़े डॉट पुल के सामने संगम पेट्रोल पंप की हालत और खराब थी। यहां 100 से अधिक कारें कतार में लगी थीं और लोगों को अपने नंबर के लिए डेढ़ से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

Tanks of 30 petrol pumps in the district dried up, were locked, tanks became empty due to sudden increase i
पेट्रोल पंप पर लगी लंबी कतार। - फोटो : अमर उजाला।

कर्बला चौराहे पर लगा जाम, पुलिस ने लगवाई कतार

कर्बला चौराहे पर बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे पैर रखने की भी जगह नहीं थी। पेट्रोल पंप के बाहर लगी कतार सड़क तक पहुंच गई थी और चौतरफा जाम जैसी स्थिति थी। पुलिस को आकर लाइन लगवानी पड़ी, तब जाम खुला। हालांकि, अत्यधिक भीड़ के कारण ढाई घंटे बाद ही पेट्रोल पंप की टंकी खाली हो गई और बैरिकेडिंग लगाकर पेट्रोल पंप बंद कर दिया गया।
कानपुर-प्रयागराज मार्ग पर ऑटोसेल्स पेट्रोल पंप पर सुबह 10:30 बजे दोनों तरफ से लाइन लगी थी। कारों की लंबी कतार थी और जाम जैसे हालात थे। राजरूपपुर में जागृति चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप पर आधा किलोमीटर लंबी कतार थी और ट्रिपलआईटी तक लाइन में खड़े लोग अपने नंबर का इंतजार कर रहे थे। थॉर्नहिल रोड पर होटल लीजेंड के सामने स्थित पेट्रोल पंप से लेकर 100 मीटर की दूरी पर स्थित हीरा हलवाई तक वाहनों की कतार लगी थी।

म्योराबाद चौराहे के पास स्थित पेट्रोल पंप पर 100 रुपये से अधिक का तेल नहीं दिया जा रहा था, जिसकी वजह से कई बार कर्मचारियों और पेट्रोल भराने पहुंचे लोगों के बीच बहस भी हुई। हालांकि, पुलिस के मौजूद होने से स्थिति नियंत्रण में रही। वहीं, मुंडेरा चुंगी स्थित पेट्रोल पंप बुधवार शाम को बंद हो गया था। बृहस्पतिवार को टैंकर पहुंचने पर 24 घंटे बाद वितरण शुरू हुआ और लंबी लाइन लग गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed