Teachers Day : सेवानिवृत्ति के बाद भी नहीं मिला शिक्षक श्री पुरस्कार, अदालत के चक्कर काट रहे गुरुजी
यह आदेश न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी की अदालत ने प्रयागराज के हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय परास्नातक कॉलेज, नैनी में वाणिज्य विभाग में तैनात रहे प्रो.राजेश कुमार पांडेय और जौनपुर के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में बायोटेक्नोलॉजी विभाग की प्रो.वंदना राय की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया है।
विस्तार
आज शिक्षक दिवस पर देशभर में गुरुजन सम्मानित किए जाएंगे। लेकिन, शिक्षक श्री पुरस्कार के लिए चयनित प्रयागराज और जौनपुर के दो गुरु सेवानिवृत्ति के बाद भी अदालत के चक्कर लगा रहे हैं। इनकी याचिका पर हाईकोर्ट ने सरकार से चार हफ्ते में जवाब मांगा है।
यह आदेश न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी की अदालत ने प्रयागराज के हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय परास्नातक कॉलेज, नैनी में वाणिज्य विभाग में तैनात रहे प्रो.राजेश कुमार पांडेय और जौनपुर के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में बायोटेक्नोलॉजी विभाग की प्रो.वंदना राय की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया है।
याची गुरुओं का कहना है कि 2020 में शिक्षक श्री पुरस्कार के लिए उन्हें चयनित किया गया था। लेकिन, चार साल बाद भी अब तक उन्हें पुरस्कार व उससे जुड़े लाभ नहीं प्रदान किए गए। इसके तहत उन्हें दो वर्ष का सेवा विस्तार भी दिया जाना था। शिक्षक श्री सम्मान हासिल करने की कानूनी लड़ाई लड़ते-लड़ते 30 जून 2024 को सेवानिवृत्त हो गए।
सरकार बोली...चयन हुआ, पर नहीं हुई घोषणा
अपर मुख्य स्थायी अधिवक्ता पीके शाही ने सरकार का पक्ष रखते हुए कोर्ट को बताया कि सात सितंबर 2020 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित चयन समिति की बैठक में याचियों का चयन 2020 के शिक्षक श्री पुरस्कार के लिए हुआ था। सक्षम स्तर से अनुमोदन भी प्राप्त हो चुका है। लेकिन, पुरस्कार दिए जाने की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। यह पुरस्कार केवल सेवारत शिक्षक को ही दिया जाना है।
कोर्ट ने जताई हैरानी
सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि चार साल बीतने के बाद भी याचियों को शिक्षक श्री पुरस्कार व उससे जुड़े लाभ अब तक प्राप्त न होना प्रथम दृष्टया अनुचित है। यह पुरस्कार उन्हें 2020 को शिक्षक दिवस पर ही मिल जाना चाहिए था। मामले से हैरान कोर्ट ने जुलाई में सरकार से चार हफ्ते में जवाब तलब किया था, जो मंगलवार को नियत सुनवाई की तारीख तक दाखिल नहीं हो सका।
ये है शिक्षक श्री पुरस्कार
प्रदेश सरकार की ओर से 29 दिसंबर 2021 को जारी शासनादेश के मुताबिक शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षकों को शिक्षक श्री पुरस्कार से हर शिक्षक दिवस के दिन पांच सितंबर को सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत उन्हें दो साल का सेवा विस्तार भी अनुमन्य होगा।